शहडोल:विश्व सिकल सेल दिवस पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

 विश्व सिकल सेल दिवस पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

शहडोल। विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर आज संभागीय मुख्यालय शहडोल के मानस भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

       कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक जैतपुर  जयसिंह मरावी ने कहा कि सिकल सेल बीमारी यह ग्रामीण क्षेत्रों के लोंगो में अधिकांश होता है, सिकल सेल बीमारी के बारे में गहन चिंता करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शहडोल जिले में 89 ग्रामीण क्षेत्र है, यहां जन जागरूकता करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एनीमिया को वर्ष 2047 तक में पूर्ण रूप से खत्म करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, यह लक्ष्य तभी संभव है होगा जब स्वास्थ्य विभाग के अलावा हम सबकों मिलकर सिकल सेल बीमारी को खत्म करने के प्रयास करने होंगे तब हम वर्ष 2047 तक सिकल सेल बीमारी को पूरी तरह खत्म कर सकेंगे।  

    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कमिश्नर शहडोल संभाग  बीएस जामोद ने कहा कि सिकल सेल बीमारी से आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित करने के लिए जांच अवश्य कराएं जिससे सिकल सेल के मरीजों का चिन्हाकन कर समुचित उपचार दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि सिकल सेल एक अनुवांशिक बीमारी है इसका स्थायी उपचार अभी संभव नही है। सिकल सेल बीमारी के प्रति स्वयं जागरूक हो और दूसरों को भी जागरूक करें। 

      कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कलेक्टर श्री तरूण भटनागर ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया की जांच बिना भय के साथ कराएं, यह एक अनुवांशिक बीमारी है संक्रमण बीमारी नही, इसलिए शादी के पहले युवक एवं युवतियों की सिकल सेल एनीमिया की जांच अवश्य कराएं जिससे आने वाली पीढ़ी वंशानुगत बीमारी से बच सकें। उन्होंने कहा कि सिकल सेल बीमारी अधिकांश जनजातीय वर्ग के लोगों में पाया जाता है इस बीमारी के प्रति सचेत रहने की जरूरत है, इसका ईलाज अभी नही किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सिकल सेल बीमारी को खत्म करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि सिकल सेल बीमारी की जांच जिला अस्पताल में निःशुल्क किया जाता है एवं सिकल सेल के रोगियों को चिन्हित कर शासन द्वारा प्रदाय की जा रही राशि एवं अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाती है एवं स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा निरंतर देखभाल भी की जाती है।   

  विश्व सिकल सेल एनीमिया दिवस के अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल, श्रीमती सुधा नामदेव ने भी सिकल सेल एनीमिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में बताया गया कि सिकल सेल के रोगियों को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्त पेंशन योजना, समग्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री निःशक्त  शिक्षा प्रोत्साहन योजना , दिव्यांग छात्रवृत्ति वाचक भत्ता योजना, दिव्यांगजनों के लिए सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, दिव्यांगजनों हेतु छात्रगृह योजना, दिव्यांगजनों हेतु उच्च शिक्षा में दी जाने वाली फीस, निर्वाह, परिवहन भत्ता योजना, 6 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बेंचमार्क विकलांगता वाले प्रत्येक बच्चें को मुफ्त शिक्षा का अधिकार, बेंचमार्क विकलांग व्यक्तियों के लिए सरकारी और सरकारी सहायता  प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों में सीटों में 6 प्रतिशत का आरक्षण एवं सार्वजनिक भवनों में निर्धारित समय सीमा में पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान  सिकल सेल एनीमिया  के व्यक्तियों को सिकल सेल कार्ड़ भी वितरित किया गया तथा विश्व सिकल सेल एनीमिया दिवस के अवसर पर संभागीय मुख्यालय शहडोल के मानस भवन में शिविर लगाकर सिकल सेल की जांच भी की गई। 

   विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर उप राष्ट्रपति  जगदीप धनखड़ की उपस्थिति में डिण्डौरी जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को भी वर्चुअली रूप से देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके लाल, सहायक आयुक्त आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनंद राय सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. जीएस परिहार सहित  डॉक्टर्स, स्टाफ नर्स व  अन्य लोग उपस्थित थें। कार्यक्रम का संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक  विवेक पाण्डेय ने किया।

Post a Comment

और नया पुराने