अनूपपुर:प्राणवायु को स्वच्छ रखने के लिए पौधरोपण आवश्‍यक - सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह

प्राणवायु को स्वच्छ रखने के लिए पौधरोपण आवश्‍यक - सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह


पुष्पराजगढ़ जनपद के ग्राम बेंदी में मियाबाकी तकनीक आधारित पौधरोपण का सांसद ने किया शुभारंभ


अनूपपुर। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वाटरशेड विकास योजनांतर्गत जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत बेंदी में मियाबाकी तकनीक पर आधारित पौधरोपण के तहत एक हेक्टेयर भूमि पर 4 हजार पौधों के रोपण कार्य का शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने आम एवं सागौन के पौधों का रोपण कर शुभारंभ किया।  
इस अवसर पर उपस्थित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती मिथलेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य नर्मदा सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा वॉटरशेड समिति के सदस्य व स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा भी पौधरोपण किया गया।  
सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण धरती को स्वच्छ और सुन्दर बनाने, प्राणवायु को स्वच्छ रखने के लिए आज की आवश्‍यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वह अपनी खाली पड़ी भूमि, घरों की बाड़ी तथा खेतों के मेढ़ों पर पौधरोपण करें और पौधों की सुरक्षा करें। उन्होंने कहा कि धरा को हरा-भरा बनाने और जीवन में पेड़-पौधों के महत्व को समझते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सभी लोग सहभागिता निभाएं।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा पर्यावरण के संरक्षण और वसुंधरा में हरियाली लाने के उद्देश्‍य से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आव्हान पर मध्यप्रदेश शासन के मंशा के अनुरूप जिले में व्यापक पौधरोपण जनसहभागिता से सुनिश्चित किया गया है। 

Post a Comment

और नया पुराने