खेल के साथ-साथ पढ़ाई करना भी जरूरी- कलेक्टर
शहडोल। कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में बैगलोर में तीन दिवसीय आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कराटे ओपेन प्रतियोगिता में शहडोल जिले की विजेता टीम के खिलाड़ियों एवं कोच से मुलाकात की। कलेक्टर ने इस प्रतियोगिता में विजय होने पर पूरी टीम एवं टीम कोच को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही कलेक्टर ने खिलाड़ियों से परिचय किया तथा चर्चा भी की।
चर्चा के दौरान कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें स्वस्थ एवं मजबूत शरीर के लिए खेल एवं व्यायाम बहुत जरूरी होता है। उन्होनें कहा कि हमें अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए कोई न कोई खेल अवश्य खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल के साथ- साथ पढ़ाई में भी ध्यान देना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि खेल से हमारे शरीर का विकास होता है तथा पढ़ाई से हमारा बौद्धिक विकास होता है।
कलेक्टर ने विजयी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप खेल में इतनी ज्यादा मेहनत करें कि आप प्रतिदिन या प्रत्येक माह में अपना बनाया हुआ खुद का रिकार्ड तोड़े तथा नया रिकार्ड बनाएं। उन्होनें कहा कि हमें अपने कार्य के प्रति पूर्ण समर्पण भाव से मेहनत करनी चाहिए, किसी भी खेल या प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले पूर्ण रूप से अपने आप को तैयार कर लेना चाहिए।
छात्रों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित खेल युवा कल्याण विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को खेल एवं कराटे के साथ तैरना भी सिखाए। उन्होनें कहा कि तैरना एक साथ कई व्यायाम करने के समान है, इसलिए शरीर स्वस्थ रखने के लिए तैरना भी जरूरी होता है। उन्होनें कहा कि तैरने के लिए स्वींमिगपूल बनाने एवं कराटे मैदान नहीं होनें पर कराटे मैदान के लिए भी खेल युवा कल्याण विभाग को प्रस्ताव भेजें।
इस दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों एवं कोच को मेडल एवं प्रमाण पत्र भी दिया तथा शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सहायक संचालक खेल लोक शिक्षण शहडोल रईस अहमद, ब्लाक समन्वयक सोहागपुर खेल और युवा कल्याण विभाग अजय कुमार सोंधिया, दयानन्द सोंधिया ब्लाक समन्वयक गोहपारू, कमलकान्त साहू सहायक ग्रेड-तीन खेल और युवा कल्याण विभाग शहडोल, जिला कराते संघ के सचिव अजय कुमार चौधरी, विराट मार्शलआर्ट एकेडमी की प्रशिक्षक कुमारी शिवानी नामदेव, श्री किशोर साकेत, सहित टीम के खिलाड़ी उपस्थित रहें।
Post a Comment