शहडोल में वृद्ध महिला का सहारा बनी डायल-100
थाना बुढार क्षेत्र में भटक रही 80 वर्षीय वृद्ध महिला को डायल-100 जवानों ने परिजन से मिलाया
शहडोल। राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-100 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि शहडोल के थाना बुढार क्षेत्र में नेशनल हाइवे 43 पर एक वृद्ध महिला मिली है जो अपने बारे में जानकारी नहीं दे पा रही है। पुलिस सहायता की आवश्यकता थी। सूचना प्राप्त होते ही बुढार थाना क्षेत्र में तैनात डायल-100 वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया। डायल-100 स्टाफ आरक्षक शिशिर सिंह एवं पायलेट दुर्गेश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर 80 वर्षीय वृद्ध महिला के बारे में आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की। डायल-100 जवानों को जानकारी मिली कि वृद्ध महिला पकरिया गांव की निवासी हैं। डायल-100 जवान एफआरवी वाहन से वृद्ध महिला को अपने साथ लेकर पकरिया गांव पहुंचे और महिला को उनके परिजन के सुपुर्द किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वृद्ध महिला घर से निकलकर रास्ता भटक गई थीं जिन्हें परिजन भी तलाश रहे थे। परिजन द्वारा शहडोल पुलिस एवं डायल-100 सेवा का आभार व्यक्त किया गया।

एक टिप्पणी भेजें