अनूपपुर:कोतमा पुलिस की दो बड़ी कार्यवाहियां: 119 लीटर अवैध शराब सहित दो वाहन जप्त, चार आरोपी गिरफ्तार

कोतमा पुलिस की दो बड़ी कार्यवाहियां: 119 लीटर अवैध शराब सहित दो वाहन जप्त, चार आरोपी गिरफ्तार



कोतमा (अनूपपुर), 04 अगस्त 2025: पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  मोती-उर-रहमान के निर्देशन में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतमा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में भारी मात्रा में अवैध शराब जप्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुल 119 लीटर देशी-विदेशी शराब, दो वाहन, और अन्य सामग्री सहित कुल ₹7.49 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री इसरार मंसूरी एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के नेतृत्व में ये कार्यवाहियां की गईं।

पहली कार्यवाही:

दिनांक 03 अगस्त 2025 को कोतमा थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नीरज गुप्ता उर्फ शंशाक, निवासी बनिया टोला, अपने घर में भारी मात्रा में अवैध शराब संग्रह कर विक्रय के लिए रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नीरज गुप्ता के घर पर छापा मारकर कुल 78.3 लीटर देशी व विदेशी शराब और बीयर बरामद की।

बरामद शराब में 190 पाव देशी प्लेन शराब, रॉयल स्टैग, मैजिक मोमेंट, मैकडॉवेल नंबर 1, ब्लू चीप और पावर 1000 बीयर शामिल हैं। इसके साथ एक सेन्ट्रो कार (क्रमांक CG 12 D 9827) और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। कुल बरामद सामग्री की कीमत करीब ₹2.49 लाख आंकी गई है।

पूछताछ में नीरज ने राजू कुमार अग्रहरी, निवासी शहडोल (मूल निवासी जामपानी, थाना विडम, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश) का नाम बताया। दोनों आरोपियों को धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

दूसरी कार्यवाही:

इसी दिन, मुखबिर की सूचना पर बूढ़ी दाई मंदिर के पीछे, बनिया टोला कोतमा में दबिश दी गई। पुलिस ने बोलेरो वाहन (क्रमांक MP 21 CA 7966) से 40 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की। मौके से विजय कुमार यादव व जोन्टी उर्फ निखिल सोनी को गिरफ्तार किया गया।

शराब की अनुमानित कीमत ₹5200 और बोलेरो वाहन की कीमत ₹5 लाख बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस टीम की भूमिका:

इन कार्यवाहियों में थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ल के साथ उप निरीक्षक अकबर खान, सहायक उप निरीक्षक सुखीनंद यादव, प्रधान आरक्षक रामखेलावन यादव, दिनेश राठौर, ज्ञानेन्द्र पासी, कपिल उइके, आरक्षक मनोज उपाध्याय, अभय त्रिपाठी, महेश साहू, महिला आरक्षक पिंकी प्रजापति एवं चालक आरक्षक अनिल मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोतमा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Post a Comment

और नया पुराने