शहडोल:जंगली हाथी “E-5” का सफल रेस्क्यू, वन विभाग का बड़ा अभियान सफल

 जंगली हाथी “E-5” का सफल रेस्क्यू, वन विभाग का बड़ा अभियान सफल

शहडोल। वन परिक्षेत्र केशवाही एवं आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से विचरण कर रहे जंगली नर हाथी “E-5” को वन विभाग ने सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित रूप से बांधवगढ़ क्षेत्र के प्राकृतिक आवास के लिए रवाना कर दिया। हाथी के आबादी क्षेत्रों के समीप आने और मानव-हाथी द्वंद्व की घटनाओं के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल था।

वन विभाग ने हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखते हुए ग्रामीणों को मुनादी, गश्त, बैठकों एवं जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से सतर्क किया। संवेदनशील गांवों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई गई तथा कई कच्चे मकानों को खाली भी कराया गया। हाथी की गतिविधियों पर ड्रोन एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से निगरानी रखी गई।

13 मई 2026 को ग्राम गिरवा क्षेत्र में एक ग्रामीण की मृत्यु के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से प्रशिक्षित हाथियों, महावतों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम को बुलाया गया। ग्राम बेलिया में ट्रांजिट कैम्प स्थापित कर मॉनिटरिंग स्टेशन एवं कंट्रोल रूम बनाया गया, जहां से पूरे अभियान की निगरानी की गई।

लगातार कई दिनों की रणनीतिक मॉनिटरिंग एवं दो दिन तक चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 23 मई 2026 को हाथी “E-5” को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया गया। अभियान में जेसीबी, क्रेन, ट्रक, फायर टेंडर, टैंकर, ट्रैक्टर, थर्मल एवं इंफ्रारेड ड्रोन का उपयोग किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं एम्बुलेंस भी पूरे समय तैनात रही।

घने जंगल, पहाड़ी क्षेत्र और हाथी के आक्रामक व्यवहार के बावजूद वन वृत्त शहडोल एवं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाया। रेस्क्यू के दौरान हाथी की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा गया।

पूरा अभियान बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय एवं वन संरक्षक महेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। वनमंडलाधिकारी दक्षिण शहडोल तरुण वर्मा, वनमंडलाधिकारी अनूपपुर डेविड चनाप सहित वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वन्यजीवों से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें तथा अफवाहों से बचते हुए विभागीय निर्देशों का पालन करें।

Post a Comment

और नया पुराने