ब्यौहारी पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाई लूट की वारदात, तीन आरोपी गिरफ्तार
शहडोल। थाना ब्यौहारी क्षेत्र के मऊ तिराहा पुलिया के पास हुई लूट की घटना का पुलिस ने 12 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नगदी एवं अन्य सामग्री सहित करीब 1.60 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर की रात करीब 10 बजे अभिषेक चतुर्वेदी अपनी महिला रिश्तेदार के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक MP-53-ZF-7234 से मऊ तिराहा की ओर जा रहे थे। पुलिया के पास रुकने के दौरान दो मोटरसाइकिलों से आए चार लोगों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल व रुपये मांगे। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और महिला का मोबाइल व ₹900 नगद तथा फरियादी का पर्स, दस्तावेज, ₹600 नगद और मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया। टीमों ने रातभर जंगल, संभावित स्थानों और अन्य ठिकानों पर सघन सर्च अभियान चलाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में 12 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चन्द्रभान बुनकर, नीतीश लोनी और पप्पू राठौर, सभी निवासी मऊ, थाना ब्यौहारी के रूप में हुई है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
कार्यवाही थाना प्रभारी निरीक्षक अभिलाष मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम के साथ साइबर सेल शहडोल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें