शहडोल:रक्तदान-महादान, रक्तदान केवल दान ही नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है

रक्तदान-महादान, रक्तदान केवल दान ही नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है

शहडोल प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरूआत आज विभिन्न स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविरों के साथ हुई। अभियान के तहत जिले के 06 प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिसमें सैकड़ों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

जिला चिकित्सालय शहडोल में आयोजित रक्तदान शिविर में प्रभारी अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सचिन सिन्हा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, संतोष लोहानी सहित सैकड़ों लोगो ने रक्तदान किया। श्री सिन्हा ने जिला चिकित्सालय में पैरामेडिकल कॉलेज, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्वयं सेवी संस्थाओं से रक्तदान के लिए उपस्थित सैकड़ों लोगों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होने रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए आमजन से भी स्वेच्छा से रक्तदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कलेक्टर  पार्थ जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत  शिवम प्रजापति, जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, सिविल सर्जन डॉ. सिल्पी सराफ ने प्रभारी अपर मुख्य सचिव सचिन सिन्हा, सीएमएचओ डॉ. राजेश मिश्रा,  संतोष लोहानी सहित अन्य रक्तदाताओं को रक्तदान प्रमाण पत्र वितरित किए। 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय शहडोल, मेडिकल कॉलेज शहडोल, सिविल अस्पताल ब्यौहारी, सिविल अस्पताल जयसिंहनगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहपारू एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ार में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान-महादान है। रक्तदान केवल रक्त देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व भी है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

जिले में आयोजित रक्तदान शिविरों में विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बड़ी संख्या में युवाओं एवं आम नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य को सार्थक किया। रक्तदान करने वाले लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में जनसेवा, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के प्रथम दिन रक्तदान शिविरों में आमजन की सहभागिता ने सामाजिक सेवा और मानवता के प्रति जिलेवासियों की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।


Post a Comment

और नया पुराने