शहडोल:बास्केटबॉल में उमरिया को हराकर शहडोल बना चैंपियन

14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग में शहडोल संभाग की टीमों ने हासिल की शानदार जीत

शहडोल। संभाग स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शहडोल संभाग की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उमरिया को पराजित कर 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ शहडोल टीम ने लगातार 15वीं बार संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा।

प्रतियोगिता के पश्चात 16 सितंबर से शहडोल में ही 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के सभी 10 संभागों की टीमें सहभागिता करेंगी। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की राष्ट्रीय टीम का चयन भी किया जाएगा।

पांचवीं बार शहडोल में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता

शहडोल के लिए यह गौरव की बात है कि राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन पांचवीं बार शहडोल में किया जा रहा है। इससे पूर्व पिछले वर्ष शहडोल में ही राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। पिछले वर्ष भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शहडोल संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

संभाग स्तरीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन संयुक्त संचालक लोक शिक्षण शहडोल उमेश धुर्वे, जिला शिक्षा अधिकारी  अतुल चौधरी, सहायक संचालक खेल  रईस अहमद, संभागीय खेल अधिकारी  सुदर्शन मिश्रा, क्रीड़ा निरीक्षक  राम रूद्र पटेल, सहसंयोजक  के.के. श्रीवास्तव एवं  वीरेन्द्र श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

शहडोल की चार बेटियों का मध्यप्रदेश टीम में चय

शहडोल संभाग के खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। संभाग से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिका बास्केटबॉल टीम में मध्यप्रदेश की टीम के लिए चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें कुमारी आराध्या द्विवेदी, कुमारी पावनी तिवारी, कुमारी कृपा गुप्ता एवं कुमारी अनुष्का करेंगल शामिल हैं।

शहडोल टीम के राष्ट्रीय कोच  के.के. श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण एवं खेल की बारीकियों का अभ्यास कराया जा रहा है। शहडोल में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलने के साथ ही जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिल रही है।

Post a Comment

और नया पुराने