जिला युवा उत्सव में 250 युवा कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नवंबर में आयोजित होने वाले संभागीय युवा उत्सव में प्रतिभा प्रदर्शन का मिलेगा अवसर
शहडोल। मध्यप्रदेश शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग शहडोल के तत्वावधान में 30वें जिला युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय, शहडोल में किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी अभिषेक दीवान के मार्गदर्शन में आयोजित इस उत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन एवं चित्रकला सहित विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें लगभग 250 युवा कलाकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान एवं संस्कृति की देवी मां सरस्वती तथा युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी कला, संस्कृति एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।
अतिथियों की उपस्थिति में हुआ आयोजन
कार्यक्रम में पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय की डॉ. गीता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आदर्श तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी एवं नगर पालिका परिषद शहडोल के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल तथा मध्यप्रदेश सहकारिता संगठन के प्रभारी डॉ. गोपाल निगम शामिल रहे।
युवा उत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कविता लेखन एवं चित्रकला में इन प्रतिभागियों ने हासिल किए स्थान
कविता लेखन प्रतियोगिता में कविता पटेल ने प्रथम, माहिया अली ने द्वितीय तथा लोकेश चतुर्वेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार चित्रकला प्रतियोगिता में रुद्राक्ष चौधरी प्रथम, नकुल भारती द्वितीय तथा अरमान मंसूरी तृतीय स्थान पर रहे।
लोकनृत्य एवं सामूहिक लोकगीत में प्रतिभागियों का प्रदर्शन
लोकनृत्य प्रतियोगिता में विंध्य कला रंग मंडली, ब्यौहारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संपूर्ण नाटक कला, शहडोल को द्वितीय तथा विवेक पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, शहडोल को तृतीय स्थान मिला।
सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में मां शारदा संगीत महाविद्यालय, सोहागपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय, शहडोल द्वितीय तथा तरंग म्यूजिकल ग्रुप, सोहागपुर, शहडोल तृतीय स्थान पर रहा।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में संपूर्ण नाटक अभिव्यक्ति प्रथम
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में संपूर्ण नाटक अभिव्यक्ति, सोहागपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय सेवा योजना, पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय को द्वितीय तथा विंध्य रंग युवा समिति, ब्यौहारी को तृतीय स्थान मिला। सभी विधाओं में विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संभागीय युवा उत्सव में प्रतिभा प्रदर्शन का मिलेगा अवसर
आगामी नवंबर माह में संभागीय युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा। जिला युवा उत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले युवा कलाकारों को संभागीय युवा उत्सव में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे युवा कलाकारों को अपनी कला को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने और आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।
निर्णायकों एवं सहयोगियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम का सफल संचालन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सोहागपुर ब्लॉक समन्वयक श्री अजय कुमार सोंधिया ने किया। कार्यक्रम के अंत में खेल एवं युवा कल्याण विभाग शहडोल के कमल कांत साहू ने आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका डॉ. ए.एन. पटेल, खिरोधर सोंधिया, सुधीर शुक्ला, श्रीमती मंजुला पांडे, जितेन तिवारी, अरुण त्रिपाठी, अभिजीत सोनी, अरुण दुबे, श्रीमती पूनम द्विवेदी, श्रीमती नम्रता पटेल, प्रशांत सोनी, लकी चतुर्वेदी, मनोज वर्मा एवं अनिल विश्वकर्मा ने निभाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गोपारू के ब्लॉक समन्वयक दयानंद सोंधिया, ब्यौहारी के ब्लॉक समन्वयक कोमल नामदेव, जयसिंहनगर के ब्लॉक समन्वयक सोनू वर्मा, बुढ़ार की ब्लॉक समन्वयक श्रीमती रजनी मेश्राम तथा धीरेंद्र प्रताप सिंह, श्रीमती देवी स्वामी, श्रीमती कल्पना अहिरवार, जिला खेल प्रशिक्षकों एवं राजकुमार बैग का विशेष सहयोग रहा।

एक टिप्पणी भेजें