आजमगढ़:जमीन के बंटवारे में दबंगई का आरोप, तीन पट्टीदार तैयार फिर भी नहीं हो पा रहा बंटवारा! पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

जमीन के बंटवारे में दबंगई का आरोप, तीन पट्टीदार तैयार फिर भी नहीं हो पा रहा बंटवारा! पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार


ब्यूरो रिपोर्ट , एम एस जे

आजमगढ़। लालगंज तहसील क्षेत्र के मेहनाजपुर थाना अंतर्गत कटिली कला गांव में जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पुश्तैनी संपत्ति में अपने हिस्से की मांग कर रहे अकमल खान पुत्र सरफुद्दीन खान ने अब जिलाधिकारी का दरवाजा खटखटाया है। पीड़ित ने प्रधान प्रतिनिधि शहाबुद्दीन पुत्र अली शेर पर दबंगई के बल पर बंटवारे में अड़ंगा लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, राजस्व विभाग के कर्मचारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं।

तीन गाटा संख्या, तीन हिस्सेदारों की सहमति, फिर भी बंटवारे पर ब्रेक!

पीड़ित के मुताबिक गाटा संख्या 316, 318 और 322 की भूमि राजस्व अभिलेखों में उनके तथा अन्य सहखातेदारों के नाम दर्ज है। परिवार के तीन पट्टीदार आपसी सहमति से जमीन, मकान और अन्य संपत्ति का बंटवारा करना चाहते हैं, लेकिन आरोप है कि शहाबुद्दीन के विरोध के चलते मामला लगातार उलझता जा रहा है।

आईजीआरएस पर रिपोर्ट का खेल या जमीनी हकीकत से दूरी?

अकमल खान ने आरोप लगाया कि उपजिलाधिकारी लालगंज और जिलाधिकारी के स्तर से मौके पर पैमाइश कराकर विवाद निस्तारित करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद राजस्व विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि लेखपाल ने आईजीआरएस शिकायतों पर ऐसी रिपोर्ट लगाई, जो वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाती। एक रिपोर्ट में मौके पर पानी भरा होने तो दूसरी में सभी हिस्सेदारों के बंटवारे पर सहमत नहीं होने की बात कही गई। जबकि प्रार्थी इन तथ्यों को गलत बता रहा है।

एक पक्ष के विरोध से कब तक लटका रहेगा संपत्ति का बंटवारा?

पीड़ित ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया है कि सफुद्दीन, मोअज्जम अली और मुबारक खान बंटवारे के लिए तैयार हैं। इसके बावजूद शहाबुद्दीन के कथित विरोध के कारण विवाद का समाधान नहीं हो पा रहा है। पीड़ित ने राजस्व कर्मचारियों पर मिलीभगत कर भ्रामक रिपोर्ट लगाने का भी आरोप लगाया है।

डीएम से दो टूक मांग, पुलिस-राजस्व टीम की मौजूदगी में हो पैमाइश और बंटवारा

अकमल खान ने जिलाधिकारी से मांग की है कि खतौनी और राजस्व अभिलेखों के आधार पर मकान, जमीन और बरदौरी सहित पूरी संपत्ति का नियमानुसार हिस्सों के अनुसार बंटवारा कराया जाए। इसके लिए मौके पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम भेजकर निष्पक्ष पैमाइश तथा कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पीड़ित का कहना है कि लंबे समय से चल रहे इस विवाद के कारण तनाव की स्थिति बनी हुई है और समय रहते समाधान नहीं हुआ तो कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है। फिलहाल पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, कथित भ्रामक रिपोर्टों की पड़ताल और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना यह है कि जिलाधिकारी के दरबार में पहुंची इस फरियाद पर प्रशासन कब संज्ञान लेता है और वर्षों से उलझे बंटवारे के विवाद का समाधान कब तक हो पाता है।


Post a Comment

और नया पुराने