कलेक्टर कार्यालय में आयोजित हुई जनसुनवाई
शहडोल।अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर अरविंद शाह की उपस्थिति में आज कलेक्टर कार्यालय के सोन सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित हुई। जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर अरविंद शाह ने जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए हुए लोगों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनी तथा निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय विचारपुर के छात्रों ने आवेदन देते हुए बताया कि हम सब छात्र शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय परिसर में बने छात्रावास में रहते हैं और नियत समय मे विद्यालय में पढने जाते है। छात्रों ने बताया कि छात्रावास में हमें लाइट, साफ-सफाई, गुणवत्ताहीन भोजन, पानी की समस्या सहित अन्य कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता। छात्रों ने बताया कि छात्रावास में कोई साफ-सफाई करने नहीं आता है और न ही कोई गेट कीपर है। मेन गेट दिन रात खुला रहता है जिससे विद्यालय में कोई भी में प्रवेश कर हम छात्रों को हानि पहुंचा सकता है। छात्रों ने बताया कि हमने अपनी समस्याओं के बारे में प्राचार्य को भी बताया है लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। छात्रों का कहना था कि हमें विद्यालय एवं छात्रावास में मिलने वाली आवश्यक सुविधाओं का लाभ दिलाया जाए, जिससे हम सुविधाओं का लाभ लेकर पढाई कर सकें। जिस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर अरविंद शाह ने संबंधित विभाग की ओर आवेदन प्रेषित करते हुए निर्देश दिए कि मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करें।
जनसुनवाई में श्रीमती बीना पनिका पति स्वर्गीय श्री ललित पनिका निवासी वार्ड नं. 14 दुर्गा कालोनी शहडोल ने आवेदन दे कर बताया कि मेरा मकान वार्ड नं. 14 शहडोल में बना हुआ है। मेरे मकान के बगल में यूके लिप्टिस का पेड़ लगा हुआ है। तथा यह पेड़ मेरे मकान में आकर टिक गया है। जिसकी वजह से मेरा मकान क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में है। मैंने पेड़ को कटवाने के लिए कई बार नगरपालिका शहडोल को आवेदन भी दिया है। लेकिन नगर पालिका द्वारा अभी तक पेड़ काटने की कार्यवाही नहीं की गई है। उनका कहना था कि पेड़ को कटवा दिया जाए जिससे मेरा मकान सुरक्षित रह सके। जिस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अरविंद शाह ने नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि मामले की जाचं कर पेड़ काटने की कार्यवाही करें।
जनसुनवाई में जनपद पंचायत गोहपारू के ग्राम पंचायत सगरा के समस्त ग्राम वासियों ने आवेदन देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत सगरा में ग्राम पंचायत निर्माण एजेन्सी होने के बाद भी सरपंच द्वारा निर्माण कार्य ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा है। ठेकेदारों द्वारा निर्माण कार्य में गुणवत्ता का कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। निर्माण कार्यों में मनमाने तरीके से निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। ग्राम वासियों का कहना था कि ग्राम पंचायत सगरा में हो रहे निर्माण कार्य उच्चगुणवत्ता के साथ बनें, एवं ठेकेदारों की बजाय ग्राम पंचायत की निर्माण एजेन्सी कार्य कराए। जिस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अरविंद शाह ने संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि इस मामले में जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें।
इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर अरविंद शाह ने अन्य शिकायतें भी सुनी तथा निराकरण के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियेां को दिए।
जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर भागीरथी लहरे, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनंद राय सिन्हा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

إرسال تعليق