अनूपपुर:फुटबॉल प्रतियोगिता में पुलिस की अनूठी पहल, नशा मुक्ति की दिलाई शपथ

फुटबॉल प्रतियोगिता में पुलिस की अनूठी पहल, नशा मुक्ति की दिलाई शपथ

पुष्पराजगढ़। खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सुधारने का एक प्रभावी माध्यम भी बन सकता है। इसी सोच को साकार करते हुए एसडीओपी नवीन तिवारी एवं थाना प्रभारी राजेन्द्रग्राम एस.पी. शुक्ला ने ग्राम परसेल कला में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में पहुंचकर नशा मुक्ति जनजागृति अभियान की एक नई मिसाल पेश की है।

पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों और ग्रामवासियों के साथ घुल-मिलकर संवाद किया और नशे के खिलाफ मुहिम की शुरुआत की। युवाओं को समझाया गया कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को खोखला करता है। फुटबॉल जैसे खेल युवाओं को अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना सिखाते हैं, जो जीवन को सफल बनाने के लिए आवश्यक गुण हैं।

खेल के शुभारंभ से पूर्व सभी खिलाड़ियों, दर्शकों और ग्रामीणों को सामूहिक रूप से नशा न करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि युवा नशे से दूर रहें और खेलों में रुचि लें, तो उनका भविष्य उज्ज्वल हो सकता है। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान सिर्फ एक संदेश नहीं, बल्कि एक बदलाव की शुरुआत है।

पुलिस की यह भागीदारी सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने यह भी दिखाया कि समाज के साथ जुड़कर ही सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। परसेल कला जैसे गांव में नशे के खिलाफ इस प्रकार की जन-जागरूकता पुलिस और समाज के बीच विश्वास की नई डोर बुन रही है।

Post a Comment

أحدث أقدم