शहडोल: 2 प्रति फोटोकॉपी के लिए 5 हजार का लगाया बिल, लपरी ग्राम पंचायत में सरपंच और सचिव ने मिलकर किया बड़ा घोटाला

2 प्रति फोटोकॉपी के लिए 5 हजार का लगाया बिल, लपरी ग्राम पंचायत में सरपंच और सचिव ने मिलकर किया बड़ा घोटाला

शहडोल/जयसिंहनगर: तहसील जयसिंहनगर के अंतर्गत एक बार फिर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है. ग्राम पंचायत लपरी में सरपंच और सचिव मिलकर खुलेआम जनता का पैसा डकार रहे हैं. इस बार तो भ्रष्टाचार के मामले में लपरी पंचायत ने कुदरी पंचायत को कोसों दूर पीछे छोड़ दिया है. चलिए आपको बताते हैं कि पूरा मामला क्या है.

आप कभी कल्पना कर सकते हैं कि दो प्रति फोटोकॉपी करवाने की कीमत 5000 रुपये हो सकती है. नहीं कर सकते हैं ना? लेकिन ग्राम पंचायत लपरी में ऐसा ही खेल हुआ है, जिससे वहां की जनता अब तक अनजान है. लपरी पंचायत ने महज 2 प्रति फोटोकॉपी के लिए 5000 रुपये का भुगतान किया है, जिसका बिल इन दिनों चर्चा में आ गया है. 

1 पेज की फोटोकॉपी की कीमत 2500 रुपये 

बिल में बताया गया कि 2500 रुपये 1 पेज की फोटोकॉपी के लिए भुगतान किया है. अमूमन दो प्रति फोटोकॉपी की कीमत 5 से 10 रुपये हो सकती है, लेकिन लपरी पंचायत में इसके लिए 5 हजार रुपये दिए गए हैं. ये भ्रष्टाचार नहीं है तो फिर क्या है. 

सचिव और सरपंच ने मिलकर किया भ्रष्टाचार

यह फोटोकॉपी 'महाराज फोटोकॉपी सेंटर एवं डिजिटल स्टूडियो' में हुई है. आप सोच सकते हैं कि इस शॉप में फोटोकॉपी कितनी महंगी है. दरअसल, यह बिल ही फर्जी है. ग्राम पंचायत लपरी के सचिव और सरपंच ने मिलकर दो प्रति फोटोकॉपी का फर्जी बिल लगा दिया और 5 हजार रुपये अपने जेब में रख लिए, जिसका खुलासा अब हो चुका है. 

बिल पर सरपंच-सचिव के साइन भी हैं मौजूद

इस बिल में सरपंच और सचिव ने बकायदा साइन किए हैं और उनके सील भी लगे हैं. आप सोचिए अभी तो सिर्फ एक ही मामला है. दोनों ने मिलकर अब तक ऐसे ही ना जाने कितने फर्जी बिल लगाकर लाखों का भ्रष्टाचार किया होगा. कुछ दिनों पहले ही कुदरी ग्राम पंचायत में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जिसमें 2 प्रति फोटोकॉपी के लिए 4 हजार रुपये का भुगतान किया गया था ।

Post a Comment

और नया पुराने