नगर पालिका द्वारा जिन सड़क मार्गों का निर्माण कराया जाना है उन मार्गों में मुनादी कराकर आमजन को दी जाए जानकारी
शहडोल। शहडोल नगर में अतिक्रमण हटाए जाने के संबंध में कलेक्टर डॉ केदार सिंह की अध्यक्षता में जिला व्यापारी संघ तथा नगर पालिका के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी अक्षत बुंदेला की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई। कलेक्टर ने व्यापारी संघ के अनुरोध पर दीपावली पर्व तक अतिक्रमण हटाने संबंधी कार्यवाही स्थगित करने के निर्देश नगरपालिका प्रशासन को दिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा जिन मार्गों का निर्माण कराया जाना है। उन मार्गों का प्रस्तावित रोड सीमा तक आयल पेन्ट से रोड का चिन्हांकन करा दिया जाए। नगर पालिका द्वारा मार्ग निर्माण की मुनादी भी कराई जाए। जिससे मार्ग निर्माण में प्रभावित होने वाले लोग अपनी आपत्ति वैध दस्तावेजों के साथ जानकारी नगर पालिका कार्यालय को दे सकें। दीपावली पर्व के बाद व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों द्वारा स्वम कहा है कि व्यापारी प्रतिनिधि नगर पालिका के साथ प्रस्तावित मार्गो का भ्रमण कर लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील करेंगे और अतिक्रमण हटाने में सहयोग किया जाएगा ।
कलेक्टर ने कहा कि व्यापारी भी त्यौहारों के दौरान दुकान इस प्रकार से लगाएं कि आवागमन मार्ग प्रभावित नहीं हो। आम जनजीवन प्रभावित नहीं हो तथा लोग सुविधानुसार सामग्री क्रय कर सकें। बैठक में व्यापारी संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता, एवं नगर के अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें