सर्प दंश से सुरक्षा हेतु कार्यशाला का आयोजन, ग्रामीणों और छात्रों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
शहडोल। आज शहडोल के केशवाही वनमण्डल दक्षिण शहडोल के वन परिक्षेत्र केशवाही में आज सर्प दंश से सुरक्षा और सर्प ज्ञान जागरूकता हेतु एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों को सर्पों से संबंधित सही जानकारी देना एवं सर्पदंश की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले उपायों के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर फॉरेस्ट रेंजर अधिकारी अंकुर तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर एवं सर्प संरक्षक दीप श्रीवास्तव, उनके सहयोगी अनिल सोनी और सुनील यादव ने सहभागियों को सर्पों की पहचान, उनके व्यवहार, बचाव के उपाय और सर्पदंश के प्राथमिक उपचार जैसे विषयों पर संपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में पंचायत के सचिव, क्षेत्र के ग्रामीण किसान और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें यह संदेश दिया गया कि सर्पों को मारने के बजाय समझदारी से निपटना चाहिए।
कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस तरह के आयोजन को अत्यंत लाभकारी बताते हुए भविष्य में भी ऐसी जानकारियों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।



إرسال تعليق