सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु लगवाएं एचपीव्ही वैक्सीन का टीका- कलेक्टर
शहडोल। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि भारत सरकार द्वारा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 14 वां जन्म तिथि पूर्ण करने लेने वाली तथा 15 वर्ष 03 माह तक आयु की बेटियों को लगभग 4 हजार रुपये मूल्य का एचपीवी वैक्सीन का टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है। यह टीका गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और भविष्य में बेटियों को गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करता है।
कलेक्टर ने जिले की सभी बहनों और बेटियों से अपील की है कि वे सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर एचपीवी वैक्सीन का टीका अवश्य लगवाएं। जिले में एचपीव्ही वैक्सीनेशन के लिए 09 स्वास्थ्य संस्थाओं का चयन किया गया है। जिसमें मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल बुढ़ार एवं ब्यौहारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिंहपुर, गोहपारू, जयसिंहनगर, तथा स्वास्थ्य केन्द्र निपनिया एवं जैतपुर शामिल हैं। टीकाकरण का कार्य प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा चिकित्सकों की उपस्थिति में किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें