शहडोल:राष्ट्रीय बजरंग दल के नेतृत्व में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, तीन नगरों में गूंजे जयकारे

 राष्ट्रीय बजरंग दल के नेतृत्व में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, तीन नगरों में गूंजे जयकारे

शहडोल/बुढ़ार-धनपुरी। श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल, जिला शहडोल के तत्वावधान में एक भव्य एवं विशाल वाहन शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा प्रांत मंत्री मेहुल श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में निकाली गई, जिसने बुढ़ार, धनपुरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत वातावरण निर्मित किया।

शोभायात्रा का शुभारंभ सायं 4 बजे श्रीराम जानकी मंदिर, बुढ़ार से हुआ। प्रारंभ होते ही पूरे नगर में “जय श्रीराम” एवं “जय बजरंगबली” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। सुसज्जित वाहनों, आकर्षक झांकियों एवं भक्तिमय संगीत के साथ निकली यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्रद्धालुओं में विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही।

नगर भ्रमण करते हुए शोभायात्रा धर्मनगरी धनपुरी के हृदयस्थल आजाद चौक पहुंची, जहां श्रद्धालुजनों ने प्रभु श्रीराम एवं पवनपुत्र हनुमान जी के जयकारों के साथ भक्ति भाव से स्वागत एवं पूजन-अर्चन किया। इस दौरान संपूर्ण क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर नजर आया।

इसके पश्चात शोभायात्रा राधाकृष्ण मंदिर, धनपुरी पहुंची, जहां से वाहन यात्रा का रूपांतरण पैदल शोभायात्रा में किया गया। यह पैदल यात्रा श्री हनुमान जन्मोत्सव सेवा समिति, धनपुरी के साथ संयुक्त रूप से संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पैदल यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, जयकारों और धार्मिक उल्लास ने पूरे नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

पूरे आयोजन के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक एवं अत्यंत सफल बनाया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि क्षेत्र में हिंदू समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रदर्शन भी सिद्ध हुआ।

इस भव्य आयोजन में समाजसेवी एवं धर्मरक्षक दीपक मांझी (लालू भैया), जेपी साहू, दीपक लोधी, जिला कारवाह विक्की पटेल, जिला उपाध्यक्ष संदीप रजक , जिला उपाध्यक्ष संस्कार द्विवेदी, जिला महामंत्री आशीष साहू, जिलामंत्री कमल भान साहू, नगर अध्यक्ष शिवम तिवारी, नरेंद्र पटेल, छोटू बैगा, मीडिया प्रभारी रवि सोनी, चंदन यादव, सक्षम श्रीवास्तव, शिवा, देवसिंह बघेल, अर्पित सिंह, आभास रजक, शिवा नामदेव सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारीगण एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने