“भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की विभिन्न स्कूलों में अधिकारियों ने किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन
शहडोल। स्कूल चले हम अभियान के तहत जिले में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के तहत भविष्य से भेंट कार्यक्रम का आयोजन जिले के विभिन्न विद्यालयों में किया गया। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य से भेंट कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के लिए जिला एवं खण्ड स्तर से अधिकारियों की डियूटी लगाई गई थी। संबंधित अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने सांदीपनि विद्यालय छतवई में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के गुणों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाइश देते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी लगन एवं मेहनत के साथ शिक्षा प्राप्त करने के साथ ही अपने जीवन में अनुशासन को विशेष महत्व दें। आपने विद्यार्थियों को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने तथा अपने लक्ष्य को निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के प्रेरणा दी।
जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया (सोहागपुर) में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण एवं करियर के प्रति जागरूक किया। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुद्रिका सिंह ने शासकीय हाई स्कूल कंचनपुर में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। अपर कलेक्टर सरोधन सिंह ने प्राथमिक शाला कोनी में पहुंचकर बच्चों का मार्गदर्शन किया। डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्चना मिश्रा ने माध्यमिक शाला सोहागपुर तथा डिप्टी कलेक्टर सुश्री एंटोनिया एक्का ने बालक विद्यालय सोहागपुर में विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर प्रेरक संवाद किया तथा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
शिक्षा विभाग की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी आरके मंगलानी ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय अंतरा में विद्यार्थियों को पुस्तक वितरण करते हुए कक्षा में अध्यापन कार्य किया। जिला परियोजना समन्वयक अमरनाथ सिंह ने एकीकृत माध्यमिक विद्यालय छाता (जन शिक्षा केंद्र धुरवार) में विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें प्रेरित किया। इसी क्रम में सहायक संचालक जनसंपर्क गजेंद्र कुमार द्विवेदी शासकीय माध्यमिक विद्यालय फतेहपुर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल हुए और विद्यार्थियों को शिक्षा, लक्ष्य निर्धारण एवं सकारात्मक सोच के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका श्रीमती सुधा द्विवेदी, श्रीमती शांति बुनकर, अब्दुल आसाद खान तथा वरिष्ठ नागरिक मोहन यादव सहित अन्य अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिले के संकुल कोटमा, माध्यमिक विद्यालय मैकी, पीएम श्री शासकीय एमएलबी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां विद्यार्थियों को प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। पूरे जिले में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास एवं जागरूकता का वातावरण निर्मित हुआ तथा कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सतत प्रयास करने के संकल्प के साथ हुआ।

إرسال تعليق