शहडोल:वॉश ऑन व्हील अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में मिल रहा प्रोत्साहन, जागरूकता रैली आयोजित

वॉश ऑन व्हील अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में मिल रहा प्रोत्साहन, जागरूकता रैली आयोजित

शहडोल। कलेक्टर डॉ केदार सिंह के मार्गदर्शन एवं सी ई ओ जिला पंचायत  शिवम प्रजापति के निर्देशन में  जिले की जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत ग्राम जमुई में मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी पहल “वॉश ऑन व्हील” को ग्रामीण स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। “वॉश ऑन व्हील” एक ऐसा इनिशिएटिव है, जिसके अंतर्गत एक मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से व्यक्तिगत, सामूहिक एवं संस्थागत शौचालयों की सफाई सेवा घर-घर तक उपलब्ध कराई जा रही है।

रैली का नेतृत्व डिप्टी कलेक्टर श्री गैलेक्सी नागपुरे द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सोहागपुर की टीम, ग्राम जमुई के सचिव, रोजगार सहायक, आशा कार्यकर्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी तथा स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रैली के माध्यम से ग्रामीणों को “वॉश ऑन व्हील” एप्लिकेशन के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें प्रेरित किया गया कि वे ऐप के माध्यम से बुकिंग कर अपने शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें।

 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित कम्युनिटी सैनिटरी कॉम्प्लेक्स (CSC), स्कूलों एवं अन्य संस्थानों में, जहाँ सफाई कर्मचारी उपलब्ध नहीं होते, वहाँ भी अब नियमित सफाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, कोई भी ग्रामीण अपने व्यक्तिगत शौचालय की सफाई इस एप के माध्यम से आसानी से करवा सकता है।

वर्तमान में शहडोल जिला प्रदेश भर में वाश ऑन व्हील की बुकिंग की संख्या के आधार पर छठवें स्थान बना हुआ है। 

योजना के तहत निर्धारित दरें भी सरल और किफायती रखी गई हैं। व्यक्तिगत शौचालय की सफाई हेतु ₹50 प्रति शौचालय तथा संस्थागत (स्कूल/CSC) शौचालय के लिए ₹200 प्रति शौचालय शुल्क निर्धारित है। विशेष बात यह है कि सफाई के लिए आवश्यक सभी सामग्री जैसे एसिड, फिनाइल, हार्पिक एवं सैनिटाइजर संबंधित कर्मचारी द्वारा ही उपलब्ध कराए जाते हैं। उपयोगकर्ता को केवल एप के माध्यम से बुकिंग करनी होती है तथा सफाई पूर्ण होने के बाद OTP साझा कर भुगतान करना होता है।

इस पहल से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता का स्तर बेहतर हो रहा है, बल्कि स्वच्छता कर्मियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। “वॉश ऑन व्हील” जैसे नवाचार ग्रामीण स्वच्छता अभियान को नई दिशा देने के साथ-साथ जनभागीदारी को भी सशक्त बना रहे हैं।

Post a Comment

और नया पुराने