कोयले के अवैध परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
शहडोल। जिले में कोयले के अवैध खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज खनिज विभाग शहडोल की टीम ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर ग्राम नवलपुर, धनगवा एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान ग्राम चापा के पास एक लाल रंग की महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया, जो कोयला खनिज का परिवहन कर रही थी। वाहन पर किसी प्रकार का रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं पाया गया, जबकि इंजन नंबर NSD7KAE1145 दर्ज किया गया।
मौके पर चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन विभागीय अमले ने पीछा कर ट्रैक्टर को रोक लिया। इस दौरान चालक वाहन से कूदकर फरार हो गया। ट्रॉली में कोयला भरा हुआ था, जिसे ऊपर से पराली से ढंक दिया गया था ताकि अवैध परिवहन छिपाया जा सके।
खनिज विभाग ने मौके पर ही कोयले से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना सोहागपुर परिसर में खड़ा करा दिया है। फिलहाल वाहन मालिक की तलाश की जा रही है और उसके विरुद्ध अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
यह कार्रवाई खनि निरीक्षक अभिषेक पटले के नेतृत्व में की गई।

एक टिप्पणी भेजें