कुएं में गिरने से मादा तेंदुए की मौत, वन विभाग ने शुरू की जांच
शहडोल। वन परिक्षेत्र शहडोल के सर्किल सिंहपुर अंतर्गत बीट अंतरा के राजस्व ग्राम मझगवां में एक लगभग 4 वर्षीय मादा तेंदुए की कुएं में गिरकर पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना आज 17 मई 2026 को सुबह 5:30 बजे प्राप्त हुई, जिसके बाद वन विभाग ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थल को सुरक्षित किया।
वन विभाग ने एनटीसीए नई दिल्ली एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश, भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल और आसपास क्षेत्र की जांच की। तेंदुए का पोस्टमार्टम डॉ. राजेश तोमर, वन्यप्राणी चिकित्सक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व द्वारा किया गया।
प्राथमिक जांच में तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। निर्धारित प्रक्रिया के तहत वरिष्ठ वन अधिकारियों, स्थानीय वन अमले, राजस्व अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शवदाह किया गया। पूरे घटनाक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
वन विभाग ने मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


إرسال تعليق