“साउथ एशिया जन सरोकार सम्मान समारोह 2026” और “द एक्टिविस्ट नेशनल अवार्ड 2026” का ऐतिहासिक आयोजन
जनसम्पर्क एक्सप्रेस के स्थानीय संपादक राहुल सिंह राणा होंगे “द एक्टिविस्ट अवार्ड 2026” से सम्मानित
शहडोल। पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की चेतना, लोकतंत्र की मजबूती और जनआवाज को दिशा देने वाली एक सशक्त शक्ति है। जब पत्रकारिता जनसरोकारों से जुड़ती है, तब वह समाज में परिवर्तन की नई धारा प्रवाहित करती है। इसी उद्देश्य को लेकर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक नगरी अम्बिकापुर में आगामी 30 एवं 31 मई 2026 को आयोजित होने जा रहा “साउथ एशिया जन सरोकार सम्मान समारोह 2026” एवं “द एक्टिविस्ट नेशनल अवार्ड 2026” देशभर के पत्रकारों, समाजसेवियों और जनआंदोलन से जुड़े लोगों का ऐतिहासिक महाकुंभ बनने जा रहा है।
माता राजमोहनी भवन, अम्बिकापुर में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में देशभर के पत्रकार, समाजसेवी, बुद्धिजीवी, मानवाधिकार कार्यकर्ता, कलाकार, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े हजारों लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य उन व्यक्तित्वों को सम्मानित करना है जिन्होंने पत्रकारिता, समाजसेवा, शिक्षा, संस्कृति, मानवाधिकार एवं जनहित के मुद्दों पर उल्लेखनीय कार्य किया है।
इस ऐतिहासिक आयोजन में जनसम्पर्क एक्सप्रेस भोपाल के स्थानीय संपादक राहुल सिंह राणा को पत्रकारिता एवं जनसरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए “द एक्टिविस्ट अवार्ड 2026” से सम्मानित किया जाएगा। राहुल सिंह राणा पिछले लगभग दो दशकों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्होंने अपनी निर्भीक, जनपक्षधर एवं संघर्षशील पत्रकारिता से अलग पहचान बनाई है।
राहुल सिंह राणा ने अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत 25 नवम्बर 2003 को स्वदेश भोपाल से की थी। इसके बाद उन्होंने संघर्षों और चुनौतियों के बीच लगातार पत्रकारिता को अपना मिशन बनाकर कार्य किया। उन्होंने दैनिक जागरण रीवा, स्टार समाचार सतना, दबंग दुनिया जबलपुर एवं अनादि टीवी भोपाल में जिला संवाददाता के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2022 से वे जनसम्पर्क एक्सप्रेस भोपाल में स्थानीय संपादक के रूप में लगातार कार्यरत हैं।
विशेष बात यह है कि राहुल सिंह राणा ने पत्रकारिता के लगभग हर मंच पर कार्य किया है। उन्होंने प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल मीडिया एवं सोशल मीडिया जैसे सभी आधुनिक मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय भूमिका निभाई है। ग्रामीण समस्याओं, सामाजिक मुद्दों, जनहित, भ्रष्टाचार, प्रशासनिक लापरवाही एवं आम जनता की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के कारण उन्हें क्षेत्र में एक जनपक्षधर पत्रकार के रूप में पहचान मिली है।
पत्रकारिता के साथ-साथ वे समाजसेवा के कार्यों में भी निरंतर सक्रिय रहे हैं। सामाजिक जागरूकता, जनहित के मुद्दों, पत्रकार हितों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए हैं। वे विभिन्न पत्रकार संगठनों में जिलाध्यक्ष एवं संभागीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान समय में वे भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ मध्यप्रदेश में संगठन प्रभारी के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं तथा पत्रकारों के हितों एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनसरोकार ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती कविता झा एवं “द एक्टिविस्ट” के फाउंडर आदित्य गुप्ता करेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ शासन के कई कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक एवं राष्ट्रीय स्तर की विशिष्ट हस्तियां कार्यक्रम में शामिल होकर इसकी गरिमा बढ़ाएंगी।
विशेष आकर्षण के रूप में बॉलीवुड अभिनेता अजय रोहिल्ला, फिल्म निर्देशक अविनाश दास एवं अभिनेता-निर्देशक राज वर्मा की उपस्थिति कार्यक्रम को राष्ट्रीय पहचान प्रदान करेगी। साथ ही देशभर से आए वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर अपने विचार साझा करेंगे।
इस आयोजन में “द एक्टिविस्ट एप्प्स” की लॉन्चिंग एवं “जागरण रथ” का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिसका उद्देश्य डिजिटल जनजागरण और सामाजिक चेतना को नई दिशा देना है। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के 200 वर्षों, सामाजिक संघर्ष, मानवाधिकार, राष्ट्र निर्माण एवं लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका जैसे विषयों पर विशेष चर्चा और विचार गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।
अम्बिकापुर में होने जा रहा यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, वैचारिक जागरण और जनआंदोलन की नई दिशा तय करने वाला ऐतिहासिक मंच साबित होगा। देशभर की निगाहें अब इस आयोजन पर टिकी हैं, जहां पत्रकारिता, संघर्ष, समाजसेवा और जनसरोकार की आवाज़ एक मंच पर दिखाई देगी।


إرسال تعليق