शहडोल:जैतपुर क्षेत्र में रेत के अवैध भण्डारण पर संयुक्त कार्रवाई, कई स्थानों पर रेत विनष्ट

जैतपुर क्षेत्र में रेत के अवैध भण्डारण पर संयुक्त कार्रवाई

शहडोल। जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में आज खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जैतपुर क्षेत्र में रेत खनिज के अवैध भण्डारणों पर कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, गाड़ाघाट के पास ग्राम डोंगरीटोला में दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से रेत भण्डारित पाई गई। नदी किनारे लगभग 40 घन मीटर रेत का अवैध भण्डारण मिला, वहीं गप्पू टोला स्थित निर्माणाधीन ग्रामीण सड़क के पास करीब 50 घन मीटर रेत भण्डारित पाई गई। दोनों भण्डारण शासकीय भूमि पर पाए जाने के कारण प्रशासन ने JCB मशीन की सहायता से मौके पर ही रेत का विनष्टीकरण कराया।

इसके बाद संयुक्त अमले ने ग्राम रसमोहिनी के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जहां दो स्थानों पर लगभग 40 घन मीटर रेत खनिज का अवैध भण्डारण मिला। प्रशासन द्वारा इसे भी मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध भण्डारण करने वालों की पहचान की जा रही है तथा उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में SDM जैतपुर, खनि निरीक्षक शहडोल एवं थाना प्रभारी जैतपुर अपने दल के साथ मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने