रेत के अवैध परिवहन में एक वाहन जप्त
शहडोल। कलेक्टर के निर्देशन पर एवं खनि अधिकारी के मार्गदर्शन पर आज खनिज विभाग के अमले द्वारा बुढार एवं जैतपुर क्षेत्र में रेत के अवैध खनन एवं परिवहन की शिकायत की जांच की गई। जिसके तहत ग्राम पकरिया के पास में एक वाहन डम्पर क्रमांक CG-29AC-7683 को रेत खनिज का परिवहन करते हुए रोका गया l उक्त वाहन के चालक के पास में रेत परिवहन करने की कोई वैधानिक अनुमति या एटीपी नहीं पाई गई है। मौके पर चालक द्वारा फोन पर मेन्युअल अभिवहन पास की फोटो दिखाई गई। जो की नियमानुसार सही नहीं है । मौके पर चालक के पास कोई रायल्टी पर्ची फिजिकली नहीं पाई गई है। उक्त वाहन में लगभग 8 घन मीटर रेत खनिज भर पाया गया है। उक्त वाहन को इसके चालक से जप्त किया गया एवं थाना बुढार की अभिरक्षा में खड़ा किया गया है । उक्त वाहन के चालक एवं मालिक के विरुद्ध रेत खनिज के अवैध परिवहन का प्रकरण नियम अनुसार पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय कलेक्टर शहडोल की ओर प्रेषित किया जा रहा है l उक्त कार्यवाही खनि निरीक्षक अभिषेक पटेल द्वारा खनिज विभाग के अमले के साथ में की गई।

إرسال تعليق