अनूपपुर:बैल चोरी का आरोपी गिरफ्तार, तीनों पशु बरामद

बैल चोरी का आरोपी गिरफ्तार, तीनों पशु बरामद


अनूपपुर। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर  विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जगन्नाथ मरकाम के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अनूपपुर  नवीन तिवारी के पर्यवेक्षण में कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने पशु चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए तीन बैल बरामद कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम करहीवाह निवासी कृषक टीकम कोल (56) ने 30 मई 2026 को थाना कोतवाली अनूपपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके घर के सामने बंधे तीन बैल, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 45 हजार रुपये है, रात के दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 307/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा, प्रधान आरक्षक नितिन नामदेव एवं आरक्षक संजय सिंह की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने रात में ही सक्रियता दिखाते हुए पशु चोर की तलाश शुरू की और ग्राम ठेही थाना जैतहरी निवासी भारत सिंह गोड़ (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीनों बैल बरामद कर लिए गए तथा उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से अन्य पशु चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी भारत सिंह गोड़ के विरुद्ध पूर्व में भी थाना राजेंद्रग्राम में आपराधिक प्रकरण दर्ज है। कोतवाली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Post a Comment

أحدث أقدم