ब्यौहारी पुलिस की बड़ी सफलता 1 क्विटल 27 किलोग्राम गांजा(मादक पदार्थ) की कार्यवाही
शहडोल। शहडोल पुलिस द्वारा जिले में नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना ब्यौहारी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 27 किलोग्राम अवैध गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार क्रमांक CG-13-AA-7494 जब्त करने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 27.06.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की ब्रेजा कार में अवैध गांजा लेकर मानपुर की ओर से ब्यौहारी की तरफ बिक्री हेतु ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना ब्यौहारी पुलिस द्वारा ब्यौहारी-मानपुर रोड स्थित फॉरेस्ट हाउस के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर कार सवार आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। तलाश के बावजूद आरोपी नहीं मिले।
उक्त वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी चार काले रंग की बोरियों से छोटे-छोटे पैकेटों में 1 क्विंटल 27 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12 लाख 70 हजार है। पुलिस द्वारा गांजा एवं वाहन को विधिवत जब्त कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। प्रकरण में संलिप्त फरार आरोपियों की तलाश सतत् जारी है।
सराहनीय भूमिका
यह कार्यवाही एसडीओपी ब्यौहारी मुकेश आविद्रा के दिशा-निर्देशन व थाना प्रभारी निरीक्षक जियाउल हक के नेतृत्व में उप निरीक्षक बालकरण प्रजापति, प्रधान आरक्षक हीरा सिंह, नरेन्द्र उपाध्याय, आरक्षक गंगा सागर गुप्ता, रामजी गौतम, पंकज, विवेक सूर्या, ऋषभ शुक्ला, शंकर सिंह एवं सायबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें