हिंदुओं के लिए समर्पित रहेगा संगठन का आठवां स्थापना दिवस – मेहुल श्रीवास्तव
_शहडोल में आयोजित होगा मुख्य कार्यक्रम_
शहडोल। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल का आठवां स्थापना दिवस इस वर्ष पूरे जिले में भव्य एवं व्यापक रूप से मनाया जाएगा। महाकौशल प्रांत के पदाधिकारी मेहुल श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन का स्थापना दिवस हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना, सेवा, सुरक्षा एवं राष्ट्र समर्पण की भावना को समर्पित रहेगा।
उन्होंने बताया कि शहडोल जिले के विभिन्न नगरों, मंडलों एवं ग्राम इकाइयों में कुल 54 स्थानों पर स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इनमें कई स्थानों पर ध्वजारोहण, संगठन परिचय, हिंदू जागरण गोष्ठियां, कार्यकर्ता सम्मान, सेवा गतिविधियां तथा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम संपन्न होंगे।
मेहुल श्रीवास्तव ने बताया कि जिले का मुख्य एवं केंद्रित कार्यक्रम शहडोल स्थित सिंधु भवन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम में संगठन की आठ वर्षों की यात्रा, हिंदू हितों के लिए किए गए संघर्ष, सेवा एवं समर्पण के कार्यों के साथ आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल ने विगत आठ वर्षों में देशभर में हिंदू समाज को संगठित करने, गौ संरक्षण, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, सेवा कार्यों, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। संगठन ने सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और सनातन मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य किया है।
मेहुल श्रीवास्तव ने कहा कि स्थापना दिवस केवल संगठन का वार्षिक उत्सव नहीं, बल्कि हिंदू समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का पुनः संकल्प लेने का अवसर है। आज आवश्यकता है कि समाज का प्रत्येक वर्ग संगठित होकर राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आए।
संगठन का उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि हिंदू समाज में जागृति, एकता और आत्मविश्वास का निर्माण करना है।
उन्होंने जिले के समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं हिंदू समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें तथा शहडोल के सिंधु भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में अपनी सहभागिता प्रदान करें।
मेहुल श्रीवास्तव ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन का आठवां स्थापना दिवस पूरे जिले में अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा और यह आयोजन हिंदू समाज की संगठित शक्ति, सांस्कृतिक गौरव तथा राष्ट्रभक्ति के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार, सुरक्षा और संगठन के मूल मंत्र के साथ अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल आने वाले समय में भी समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करते रहेंगे।

إرسال تعليق