प्रधानमंत्री आवास के नाम पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप, महिला ने कमिश्नर से लगाई न्याय की गुहार
शहडोल। सोहागपुर तहसील के ग्राम कठौतिया अमहा टोला निवासी लक्ष्मी महरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने संभागायुक्त शहडोल को शिकायत देकर जांच और कार्यवाही की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, लक्ष्मी महरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए ग्राम पंचायत में आवेदन किया था, जिसका सर्वे भी हो चुका है। आरोप है कि बाद में ग्राम पंचायत के सचिव सहित कुछ अन्य लोगों ने योजना का लाभ दिलाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग की। महिला का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह राशि नहीं दे सकी, जिसके चलते उसे योजना का लाभ नहीं दिया गया। आरोप है कि उसका आवेदन फाड़कर फेंक दिया गया और भविष्य में भी योजना का लाभ नहीं मिलने की बात कहकर उसे पंचायत से भगा दिया गया।
महिला ने अपने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि गांव में बने सार्वजनिक कुएं और गौशाला पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है, तथा आम लोगों को उनका उपयोग नहीं करने दिया जाता। इसके अलावा मनरेगा कार्यों में मजदूरी देने के बदले आधी मजदूरी की मांग करने और विरोध करने पर काम से भगा देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में मनरेगा कार्यों में फर्जी हस्ताक्षर कर सरकारी राशि के गबन का भी आरोप लगाया गया है। महिला का दावा है कि कुछ ऐसे लोगों के नाम पर मजदूरी का भुगतान दिखाया जा रहा है, जो वास्तविक रूप से कार्यस्थल पर नहीं जाते। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

إرسال تعليق