शहडोल:सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत साइबर पोर्टलों की जानकारी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंची शहडोल पुलिस

 सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत साइबर पोर्टलों की जानकारी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंची शहडोल पुलिस

शहडोल। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में संचालित "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के 13वें दिवस पर शहडोल पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित कार्रवाई के उद्देश्य से साइबर पोर्टलों के प्रचार-प्रसार के साथ व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

अभियान के अंतर्गत संचार साथी (CEIR) पोर्टल, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) तथा बैंकिंग GRM पोर्टल के संबंध में आमजन को जानकारी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी होने पर CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है। वहीं साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 एवं NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर समय रहते राशि को होल्ड कराने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही बैंकिंग GRM पोर्टल के माध्यम से खातों को फ्रीज कराने की कार्यवाही के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।

इसी क्रम में शहडोल के पुराने कंट्रोल रूम सभागार में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है, जिसमें CEIR, NCRP एवं बैंकिंग GRM पोर्टल के प्रभावी उपयोग, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा पोर्टलों के व्यावहारिक क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया, जिससे साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

वहीं जिले के सभी थाना क्षेत्रों में थाना स्तर पर साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने ग्रामों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। लोगों को फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, OTP, KYC अपडेट, निवेश, लोन एवं सोशल मीडिया फ्रॉड जैसी साइबर ठगी से सतर्क रहने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर अपराध होने पर बिना विलंब हेल्पलाइन 1930 एवं NCRP पोर्टल का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

Post a Comment

और नया पुराने