बागेश्वर धाम यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का शहडोल में भव्य स्वागत, गूंजे जय श्रीराम के जयघोष
धनपुरी में हनुमान स्मरण के साथ राष्ट्रीय बजरंग दल के विजय ध्वज को किया ध्वज प्रणाम
धनपुरी/शहडोल। बागेश्वर धाम की पावन यात्रा पूर्ण कर लौटे अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल एवं ओजस्विनी महिला परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्वयंसेवक एवं श्रद्धालुओं का शहडोल जिले के विभिन्न नगरों एवं ग्रामों में भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। यात्रा की सफलता पर विभिन्न स्थानों पर स्वागत, अभिनंदन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहाँ श्रद्धालुओं ने अपने आध्यात्मिक अनुभव साझा किए तथा सनातन संस्कृति के प्रति अपनी निष्ठा को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में धनपुरी नगर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। ओजस्विनी महिला परिषद की टीम ने बागेश्वर धाम से लौटे श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं का पुष्पवर्षा एवं आत्मीय भाव से स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री हनुमान जी के स्मरण, जयघोष एवं मंगलाचरण के साथ हुआ।
इसके उपरांत आज़ाद चौक स्थित राष्ट्रीय बजरंग दल के विजय ध्वज के समक्ष सभी श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ध्वज प्रणाम कर राष्ट्र, धर्म एवं संस्कृति की रक्षा के लिए अपने संकल्प को पुनः दोहराया। पूरे वातावरण में "जय श्री राम", "हर-हर महादेव" और "भारत माता की जय" के उद्घोष गूंजते रहे, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय एवं राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा।
इस अवसर पर प्रांताधिकारी मेहुल श्रीवास्तव ने सफल यात्रा की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बागेश्वर धाम की यह यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि संगठन, सेवा, अनुशासन एवं सनातन चेतना को सशक्त करने का माध्यम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समाजहित एवं धर्मरक्षा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल, ओजस्विनी महिला परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं धर्म की उन्नति के संकल्प तथा जयघोष के साथ हुआ।
#शहडोल समाचार #शहडोल ब्रेकिंग न्यूज़ #बागेश्वरधामश्रद्धालु

إرسال تعليق