शहडोल:सीईओ जिला पंचायत पर अभद्र व्यवहार का आरोप, सरपंच संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

 सीईओ जिला पंचायत पर अभद्र व्यवहार का आरोप, सरपंच संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

शहडोल। जिला पंचायत शहडोल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) पर एक महिला सरपंच के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए सरपंच संघ ने ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है, कि ग्राम पंचायत वोडरी की सरपंच गणेशिया बाई, जो एक आदिवासी महिला हैं, अपनी समस्या के समाधान के लिए 6 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे जिला पंचायत कार्यालय पहुंची थीं।

ज्ञापन के अनुसार, सरपंच गणेशिया बाई ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से अपनी समस्या रखी, लेकिन आरोप है कि उन्हें समाधान देने के बजाय अधिकारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया, उन्हें अपने चेंबर से बाहर जाने के लिए कहा तथा दोबारा कार्यालय न आने और सरपंच पद से हटाने की धमकी दी।

सरपंच संघ का कहना है कि यदि लगाए गए आरोप सही हैं, तो यह एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के सम्मान, शासकीय सेवा आचरण नियमों तथा प्रशासनिक मर्यादाओं के विपरीत है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है, कि संबंधित अधिकारी पर पूर्व में भी कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लग चुके हैं, जिससे कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों में असंतोष व्याप्त है।

सरपंच संघ ने प्रशासन से मांग की है, कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो सरपंच संघ कार्य बहिष्कार करते हुए जिला पंचायत शहडोल कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेगा।

Post a Comment

और नया पुराने