पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय में "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–2047" अभियान का शुभारंभ
शहडोल। पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय, शहडोल द्वारा "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–2047" अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन संबोधन का सामूहिक श्रवण कराया गया तथा विश्वविद्यालय परिवार ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी कुलगुरु प्रो. प्रमोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को प्रभावित करता है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करे।
कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. आशीष तिवारी, नवलपुर परिसर प्रभारी प्रो. प्रवीण शर्मा, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक प्रो. अनिल उपाध्याय, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. चेतना, प्रो. अनिल कुमार गुप्ता, प्रो. आदर्श तिवारी, डॉ. प्रज्ञा यादव, डॉ. निलेश शर्मा, डॉ. हेमन्त पाठक, डॉ. जितेन्द्र सेन, डॉ. सुषमा नेताम, डॉ. सिद्धार्थ मिश्रा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धानी जामोद तथा प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सौरभ शिवा सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना तथा विश्वविद्यालय परिसर एवं समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ग्रहण की। उपस्थित सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि 100 दिवसीय "नशा मुक्त भारत" अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता रैलियाँ, शपथ कार्यक्रम, संवाद, कार्यशालाएँ एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, जिससे युवाओं में स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित हो सके।
"नशा मुक्त भारत – स्वस्थ भारत – मजबूत भारत – विकसित भारत" के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

إرسال تعليق