शहडोल:जयसिंहनगर में अवैध रेत भंडारण पर बड़ी कार्यवाही, 85 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत मौके पर नष्ट

जयसिंहनगर में अवैध रेत भंडारण पर बड़ी कार्यवाही, 85 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत मौके पर नष्ट

शहडोल। जिले में अवैध खनिज भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जयसिंहनगर के निर्देशन में खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बरकछ एवं बराछ क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध रूप से डंप की गई, रेत पर बड़ी कार्यवाही की।

जांच के दौरान ग्राम बराछ स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय दियाटोला के सामने लगभग 25 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत अवैध रूप से भंडारित मिली, जिसे जेसीबी की सहायता से मिट्टी मिलाकर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके बाद शासकीय मुडुरुवा तालाब के किनारे लगभग 50 ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण मिला, जिसे भी विनष्टीकरण की कार्यवाही करते हुए समाप्त किया गया।

इसी क्रम में बराछ–झारोशी मार्ग के किनारे रखी लगभग 10 ट्रॉली रेत को भी जेसीबी से मिट्टी मिलाकर नष्ट किया गया।

कार्यवाही के दौरान कुल 3 अलग-अलग स्थानों से लगभग 85 ट्रैक्टर-ट्रॉली (करीब 250 घन मीटर) अवैध रेत शासकीय भूमि पर भंडारित पाई गई, जिसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।

यह संयुक्त कार्यवाही सहायक खनिज अधिकारी अभिषेक पटले एवं नायब तहसीलदार एस.के. सिंह, जयसिंहनगर के नेतृत्व में की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।

Post a Comment

أحدث أقدم