शहडोल:स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों का किया गया फाइनल रिहर्सल

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में हुआ पूर्वाभ्यास

शहडोल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी स्टेडियम शहडोल में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कार्यक्रमों का फाइनल रिहर्सल किया गया। कलेक्टर  पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक  संजय कुमार अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित पूर्वाभ्यास में परेड एवं समारोह से संबंधित विभिन्न गतिविधियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा किया गया।

कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए की जा रही बैठक व्यवस्था, लाइव प्रसारण, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा समारोह के दौरान आमजन एवं अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विभिन्न सुरक्षा बलों, पुलिस बल, एनसीसी, स्काउट-गाइड, शौर्य दल एवं बैंड दल द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया जाएगा। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक बृजलाल रोकड़े के नेतृत्व में मार्च पास्ट होगा।

परेड कमांडर-2  अमित कुमार विश्वकर्मा, रक्षित निरीक्षक यातायात, 29वीं वाहिनी डी कंपनी विसबल कैंप के दल का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक  वासुदेव सिंह, जिला पुलिस बल शहडोल का नेतृत्व उप निरीक्षक  आनंद झारिया, जिला पुलिस महिला बल का नेतृत्व उप निरीक्षक सुश्री नेहा उइके, होमगार्ड दल का नेतृत्व प्लाटून कमांडर श्रीमती कोमल सिंह, वन विभाग की परेड का नेतृत्व वनपाल  महेंद्र सिंह परस्ते द्वारा किया जाएगा।

इसी प्रकार एनसीसी सीनियर दल का नेतृत्व राहुल सिंह परिहार, एनसीसी बालिका दल का नेतृत्व शीतल तिवारी, स्काउट बालक दल का नेतृत्व सीफतैन खान, गाइड बालिका दल का नेतृत्व कविता यादव, शौर्य दल का नेतृत्व शाहीन खान तथा बैंड दल का नेतृत्व स्वप्निल मिश्रा करेंगे।

फाइनल रिहर्सल के दौरान सभी दलों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट का अभ्यास किया। मुख्य समारोह को गरिमामय एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अभिषेक दीवान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم