शहडोल:सीएमओ ने वार्ड 18, 31 एवं 32 का पैदल भ्रमण कर समस्याओं का लिया जायजा

नालियों की सफाई और सड़कों के गड्ढों में मुरूम डलवाने के निर्देश

शहडोल। नगर पालिका परिषद शहडोल की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने रविवार को नगर के वार्ड क्रमांक 18, 31 एवं 32 का पैदल भ्रमण कर विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डों में साफ-सफाई, नालियों, सड़कों एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया तथा वार्डवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों ने नालियों की सफाई तथा सड़कों पर जगह-जगह बने गड्ढों की समस्या से सीएमओ को अवगत कराया। नागरिकों ने बताया कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएमओ ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़कों पर बने गड्ढों को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने संबंधित उपयंत्री शरद द्विवेदी को निर्देशित किया कि गड्ढों में तत्काल मुरूम डलवाकर सड़क को समतल कराया जाए, ताकि नागरिकों को आवागमन में राहत मिल सके। साथ ही नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

सीएमओ ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। वार्डवासियों द्वारा बताई गई समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा वार्डों में नियमित रूप से मैदानी निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद कुलदीप निगम, उपयंत्री शरद द्विवेदी, नगर पालिका के कर्मचारी एवं संबंधित वार्डों के वार्डवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने