शहडोल :“हमारा आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर एक माह तक होंगे पोषण जागरूकता कार्यक्रम

9वें राष्ट्रीय पोषण माह का  शुभारंभ

हमारा आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारीथीम पर एक माह तक होंगे पोषण जागरूकता कार्यक्रम

शहडोल महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में कलेक्टर पार्थ जायसवाल एवं संभागीय संयुक्त संचालक  डी.के. सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का गरिमामय शुभारंभ किया गया।हमारा आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारीथीम पर यह अभियान 9 सितम्बर से 8 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम जनपद सभागार, सोहागपुर में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में  विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती फूलवती सिंह, सदस्य जिला योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा एवं मनोज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्वलन एवं कन्या पूजन के साथ किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अखिलेश मिश्रा ने राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. निशा चतुर्वेदी एवं सहायक संचालक श्रीमती सतवंत कौर द्वारा किशोरी बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल एवं संतुलित पोषण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

पोषण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक कर्मा नृत्य एवं पोषण आधारित सुमधुर गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक पोषण प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें पोषणयुक्त आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई।

इस अवसर पर बालिकाओं के लिए हीमोग्लोबिन परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सर्वाधिक हीमोग्लोबिन स्तर वाली बालिकाओं कोमिस हीमोग्लोबिनके खिताब एवं पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विभागीय प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। अंत में सहायक संचालक आनंद अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में संभागीय संयुक्त संचालक डी.के. सिद्धार्थ, उपसंचालक गौतम अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, सहायक संचालक  आनंद अग्रवाल एवं श्रीमती सतवंत कौर हुरा सहित सीडीपीओ, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।


Post a Comment

और नया पुराने