अनूपपुर:बिजुरी पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 2 किलो 345 ग्राम गांजा जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार

बिजुरी पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 2 किलो 345 ग्राम गांजा जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार

अनूपपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 345 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ठाकुर बाबा धाम (लोहसरा) के पास बरगद के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर एक व्यक्ति काले बैग में गांजा लेकर बैठा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम साक्षियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर झाड़ियों की ओर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बबलू बेनिया (44), पिता निलंबर बेनिया, निवासी बक्सी तुलसी पाली, थाना जूनागढ़, जिला कालाहांडी (ओडिशा), हाल निवासी वार्ड क्रमांक 07, पड़रीपानी, बिजुरी बताया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे में मिले काले बैग की तलाशी ली, जिसमें हरी सूखी पत्तियां, डंठल एवं बीजयुक्त पदार्थ मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर पन्नी और टेप सहित कुल वजन 2 किलो 345 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया।

आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 8/20(b) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

कार्यवाही में निरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक विपुल शुक्ला, प्रधान आरक्षक सतीष मिश्रा, प्रधान आरक्षक गुपाल यादव, आरक्षक मनोज उपाध्याय, आरक्षक रवि सिंह, आरक्षक रामनिवास गुर्जर एवं आरक्षक राजदेव सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रान्त मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में की गई।


Post a Comment

और नया पुराने