अनूपपुर :पशु तस्करी के खिलाफ कोतमा पुलिस की बड़ी कार्यवाही , तीन पिकअप से 21 मवेशी बरामद


पशु तस्करी के खिलाफ कोतमा पुलिस की बड़ी कार्यवाही , तीन पिकअप से 21 मवेशी बरामद

40.50 लाख रुपये का माल-मशरूका जप्त, वाहन चालक मौके से फरार

कोतमा। पशु तस्करी एवं अवैध पशु परिवहन के खिलाफ कोतमा पुलिस ने बड़ी कार्यवाही  करते हुए तीन पिकअप वाहनों से 21 मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने तीनों वाहनों सहित कुल 40 लाख 50 हजार रुपये का माल-मशरूका जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पुलिस की नाकाबंदी देखकर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी कोतमा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन पिकअप वाहनों में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर और क्रूरतापूर्वक बांधकर छत्तीसगढ़ से केवाई रपटा मार्ग होते हुए कोतमा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद थाना कोतमा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर केवाई रपटा पुलिया के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान कुछ समय बाद तीन पिकअप वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर चालकों ने वाहनों को कुछ दूरी पर खड़ा कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने तीनों वाहनों की तलाशी ली तो प्रत्येक वाहन में सात-सात मवेशी मिले।

पुलिस के मुताबिक, कुल 21 मवेशियों में 13 नग भैंस के पड़े और 8 नग भैंसी शामिल हैं। सभी मवेशियों को रस्सियों से बांधकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर वाहनों में भरा गया था। उनके लिए चारा-पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।

40.50 लाख रुपये का माल जप्त 

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पिकअप क्रमांक MP65ZG2280, एक बिना नंबर का पिकअप और MP65Z4094 सहित कुल तीन वाहन जब्त किए। जब्त माल-मशरूका की अनुमानित कीमत 40 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

  • तीन पिकअप वाहन — 30 लाख रुपये

  • 21 मवेशी — 10 लाख 50 हजार रुपये

  • कुल — 40 लाख 50 हजार रुपये

मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मध्य प्रदेश कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस फरार वाहन चालकों एवं कथित पशु तस्करों की तलाश में जुटी है। मामले की विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोतमा के मार्गदर्शन में की गई। कार्यवाही  में थाना प्रभारी कोतमा रत्नांबर शुक्ल, लाल  श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक संजीव त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक ऋषि पासी एवं चालक आरक्षक अनिल मरावी की सराहनीय भूमिका रही।


Post a Comment

और नया पुराने