शहडोल:आईटीआई शहडोल में आयोजित हुआ बलराम कृषि महोत्सव

आईटीआई शहडोल में आयोजित हुआ बलराम कृषि महोत्सव


शहडोल। आईटीआई शहडोल के प्रांगण में आज बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। महोत्सव में जिले की कृषि विविधता, किसानों की मेहनत तथा खेती में किए जा रहे नए प्रयोगों की झलक देखने को मिली। विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से श्री अन्न, प्राकृतिक एवं जैविक खेती सहित कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी किसानों को दी गई। कार्यक्रम के दौरान जिले के 10 प्रगतिशील किसानों तथा किसानों के 10 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र यादव ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं का लाभ किसानों को मिल रहा है। सहकारिता के माध्यम से किसानों को ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा अब शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी दी जा रही है। किसानों को ऋण राशि एक वर्ष में जमा करने की सुविधा है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी पात्र परिवारों तक पहुंच रहा है। उन्होंने किसानों और उनके मेधावी बच्चों के सम्मान को उनका उत्साह बढ़ाने वाला प्रयास बताया।

विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि शहडोल जिले में लगभग सभी प्रमुख फसलों का उत्पादन होता है। इनमें  अन्न की खेती का विशेष महत्व है। बलराम कृषि महोत्सव में लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से जिले के किसानों की मेहनत और यहां उत्पादित फसलों को बेहतर ढंग से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से किसानों को खेती की लागत कम करने तथा उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल रही है।

जैतपुर विधायक  जयसिंह मरावी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों की तरक्की और प्रदेश के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। सरकार ने शहडोल जिले के विकास के लिए अनेक सौगातें दी हैं, जिनका लाभ किसानों सहित जिले के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रगति से ही प्रदेश के विकास को गति मिलेगी।

ब्यौहारी विधायक  शरद कोल ने जिले के अन्नदाताओं का अभिवादन करते हुए कहा कि किसानों के खेतों तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बंजर भूमि को भी सिंचाई सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में चार माइक्रो परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने से लगभग एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं की स्वीकृति शीघ्र मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर किसानों के जीवन में लगातार बदलाव आ रहा है।

कप्तान सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 16 विभागों को साथ लेकर किसानों के कल्याण के लिए काम किया जा रहा है। जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा ने कहा कि जिले में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा के साथ पशुपालन एवं मत्स्य पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

 जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि प्रदेश में कृषि किसान कल्याण वर्ष के तहत किसानों और कृषि को आगे बढ़ाने के लिए अनेक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जैविक खेती, प्राकृतिक खेती और उन्नत कृषि को बढ़ावा देने के लिए किसानों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव में इन प्रयासों को प्रदर्शनी के माध्यम से सहज एवं प्रभावी तरीके से किसानों के सामने रखा गया है।

बलराम कृषि महोत्सव में किसानों की उपलब्धियों और उनकी मेहनत को सम्मान मिलने से किसानों में उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से कृषि क्षेत्र में नवाचार, उन्नत तकनीक, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

Post a Comment

और नया पुराने