जिले के 05 थानों में साइबर डेस्क का शुभारंभ
साइबर अपराध एवं डिजिटल फ्रॉड की शिकायतों पर स्थानीय स्तर पर मिलेगी त्वरित सहायता
शहडोल। आज शहडोल पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा थाना बुढ़ार में साइबर डेस्क का शुभारंभ किया गया। वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराध एवं डिजिटल फ्रॉड की घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए थाना कोतवाली, सोहागपुर, ब्यौहारी, जयसिंहनगर एवं बुढ़ार में साइबर डेस्क प्रारंभ किए गए हैं।
साइबर डेस्क पर साइबर अपराध संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता से सुनकर पीड़ित को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। वित्तीय साइबर धोखाधड़ी के मामलों में हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं एनसीआरपी के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने में सहायता तथा संबंधित बैंक/वित्तीय संस्थाओं से समन्वय कर राशि होल्ड/फ्रीज कराने हेतु त्वरित कार्यवाही की जाएगी।
साइबर डेस्क द्वारा फर्जी बैंक खाते एवं म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम, सोशल मीडिया अपराध एवं फिशिंग, OTP/UPI फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों में प्रारंभिक कार्य़वाही एवं तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। गंभीर एवं जटिल मामलों में जिला साइबर सेल, साइबर थाना एवं राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
साइबर डेस्क की स्थापना से पीड़ितों को प्रत्येक मामले में जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी तथा उन्हें अपने निकटतम थाने पर ही साइबर अपराध संबंधी सहायता उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

إرسال تعليق