अनूपपुर:थाना कोतवाली पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया कीमती पर्स

थाना कोतवाली पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया कीमती पर्स

अनूपपुर। थाना कोतवाली पुलिस की तत्परता और लगातार की गई पतासाजी के चलते एक महिला का गुम हुआ, कीमती पर्स सकुशल वापस मिल गया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं अनु.अधि. (पु) नवीन तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली संजय अशोक एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सराहनीय कार्य किया।

3 सितंबर 2026 को श्रीमती पूजा सारीवान, पति पीताम्बर सारीवान, निवासी पटोरा टोला, सब्जी मंडी के पास अनूपपुर ने थाना कोतवाली पहुंचकर लिखित आवेदन दिया कि सब्जी मंडी से ऑफिस जाते समय रास्ते में उनका पर्स गुम हो गया है। पर्स में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर पर्स की तलाश शुरू की। टीम में प्रधान आरक्षक नितिन नामदेव, आरक्षक राजेश कंवर एवं आरक्षक राहुल तिवारी शामिल रहे। पुलिस टीम ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर पर्स पाने वाले व्यक्ति की पहचान बलराज सिंह गोंड निवासी ग्राम जमुडी के रूप में हुई।

पूछताछ में बलराज सिंह ने बताया कि 03 सितंबर को सब्जी का सौदा कर वापस जाते समय उसे पर्स मिला था। पर्स के मालिक की जानकारी नहीं होने तथा आवश्यक कार्य से बाहर चले जाने के कारण वह उसे समय पर वापस नहीं कर पाया।

पुलिस टीम ने महिला को उसका पर्स सकुशल वापस दिलाया। पर्स में सोने का मंगलसूत्र, सोने की मनचली, कान की बाली, पायल का घुंघरू, नाक की लौंग, बच्चों के हाथ का चांदी का चूड़ा, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं 800 रुपये नगद मिले।

अपना खोया हुआ पर्स और कीमती सामान वापस मिलने पर महिला ने खुशी जताते हुए अनूपपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

और नया पुराने