शहडोल:अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर शहडोल जिले में निकाली गई साक्षरता रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर शहडोल जिले में निकाली गई साक्षरता रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

शहडोल। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर साक्षरता रैली, नृत्य-नाटिका एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को शिक्षा और साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मुख्यालय शहडोल में साक्षरता रैली से हुआ। रैली को जिला प्रशासन के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य निरक्षर नागरिकों को साक्षर बनाकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना रहा।

कार्यक्रम में जिला साक्षरता अधिकारी श्रीमती सावित्री सोनी ने कहा कि भारत सरकार की नई शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लिए नवभारत साक्षरता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले में चिन्हित असाक्षरों को साक्षर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि गणना करने, डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता एवं जीवनोपयोगी कौशल विकसित करने से भी जुड़ी हुई है।

जिले में संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवकों की सहायता से असाक्षर व्यक्तियों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम के अंतर्गत 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे नागरिक, जो किसी कारणवश शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके, उन्हें साक्षर बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही उन्हें विभिन्न परीक्षाओं में सम्मिलित कर प्रमाणन की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक साक्षरता नृत्य-नाटिकाओं की प्रस्तुति दी। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं साक्षरता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला एवं विकासखंड स्तर के कई अधिकारी, शिक्षक, जन अभियान परिषद के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन एवं पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।

Post a Comment

और नया पुराने