शहडोल:शहडोल में वन विभाग की बड़ी कार्यवाही, अवैध कटाई करते 3 आरोपी गिरफ्तार, पिकअप सहित 40 नीलगिरी के लट्ठे जप्त

 

शहडोल में वन विभाग की बड़ी कार्यवाही, अवैध कटाई करते 3 आरोपी गिरफ्तार, पिकअप सहित 40 नीलगिरी के लट्ठे जप्त

सिंहपुर के जोधपुर बीट में रात 2 बजे वन विभाग की दबिश, 3 आरा मशीन और पिकअप वाहन भी जप्त 

शहडोल। वन क्षेत्र में अवैध कटाई के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को नीलगिरी के पेड़ों की अवैध कटाई करते हुए पकड़ा है। वन विभाग की टीम ने मौके से 40 नीलगिरी के लट्ठे, 3 आरा मशीन और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जप्त सामग्री को नरसरहा डिपो के सुरक्षित काष्ठागार में रखवाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को रात करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि वन परिक्षेत्र शहडोल के सिंहपुर सर्किल अंतर्गत जोधपुर बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-790 में नीलगिरी के पेड़ों की अवैध कटाई की जा रही है। सूचना पर वन विभाग के वन स्टाफ एवं रात्रि गश्ती दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान कुछ लोग वन क्षेत्र के अंदर नीलगिरी के पेड़ों की कटाई कर पिकअप वाहन में लकड़ी लोड करते हुए मिले।

वन विभाग की टीम ने मौके से तीन आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान आर्सल चौरसिया, गंगाराम चौरसिया और अनुज चौरसिया, निवासी अनूपपुर जिले के रूप में हुई। कटाई से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

वन विभाग ने मौके से 3 आरा मशीन, पिकअप वाहन क्रमांक MP65ZB9489 और नीलगिरी के 40 लट्ठे जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की। पूरी जब्त सामग्री को सुरक्षित काष्ठागार नरसरहा डिपो में रखवाया गया है।

यह कार्रवाई वन संरक्षक शहडोल वन वृत्त महेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन तथा वनमंडलाधिकारी दक्षिण शहडोल श्रद्धा पन्द्रे एवं उप वनमंडलाधिकारी सोहागपुर संतोष कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में की गई। कार्यवाही में वन परिक्षेत्राधिकारी विनायक कुमार गौतम, वनक्षेत्रपाल राजेश श्रीवास्तव, कार्यवाहक वनपाल राकेश द्विवेदी, अविनाश सिंह, वनरक्षक रामकिशोर बैगा सहित अन्य वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

أحدث أقدم