शहडोल में आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही, 505 पाव व 10 बोतल अवैध शराब जब्त
शहडोल। जिले में अवैध शराब के काले कारोबार और माफियाओं के हौसले पस्त करने के लिए आबकारी विभाग ने पूरी तरह से कमर कस ली है। कलेक्टर के सख्त निर्देशों का पालन करते हुए तथा जिला आबकारी अधिकारी के कुशल मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम लगातार शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गश्त और कार्यवाही कर रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग को एक बड़ी और महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है, जहां उडऩदस्ता टीम और वृत्त प्रभारियों ने संयुक्त रूप से एक बड़े अवैध मदिरा कारोबारी के ठिकाने पर छापामार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
त्वरित कार्यवाही से माफिया पस्त
आबकारी उपनिरीक्षक, उडऩदस्ता प्रभारी के साथ क्षेत्र में सघन गश्त और चेकिंग अभियान पर थे। इसी दौरान विभाग को सूचना प्राप्त हुई कि कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 35, किरण टॉकीज के पास देसी गली निवासी गौरव खटीक पिता स्व. धनीराम खटीक, उम्र 22 वर्ष द्वारा अपने निवास स्थान से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से मदिरा का संग्रहण और विक्रय किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता और विश्वसनीयता को देखते हुए आबकारी विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। आबकारी अधिकारियों की इस घेराबंदी से आरोपी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
कमरे की तलाशी में खुला अवैध शराब का जखीरा
जब आबकारी टीम ने आरोपी के मकान की तलाशी ली, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। घर के भीतर विभिन्न नामचीन और महंगे ब्रांडों की अवैध शराब का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा गया था। विभाग की इस मुस्तैद कार्यवाही में आरोपी गौरव खटीक के कब्जे से विभिन्न प्रकार की मदिरा जब्त की गई, गोवा मदिरा के 150 पाव, मैजिक मोमेंट्स मदिरा के 48 पाव, रॉयल स्टैग के 60 पाव, रॉयल चैलेंज के 77 पाव, ऑफिसर्स चॉइस के 96 पाव तथा सिग्नेचर मदिरा के 48 पाव बरामद किए गए। आइकोनिक मदिरा की 4 बोतलें तथा रॉयल स्टैग की 6 बोतलें जब्त की गईं। इस प्रकार आबकारी टीम ने कुल 10 बोतल और 505 पाव में ले ली।
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज, जेल भेजने की तैयारी
जब्त शराब की विशाल मात्रा को देखते हुए आबकारी विभाग ने आरोपी गौरव खटीक के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम (संशोधन) 2000 की सख्त धारा 34 (1) (क) एवं 34 (2) के तहत गैर-जमानती प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को गहन विवेचना में ले लिया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब विक्रेताओं और तस्करों के बीच हडक़ंप मच गया है।
कर्तव्यनिष्ठ और निडर अधिकारियों की टीम रही शामिल
इस कार्यवाही को अंजाम देने में आबकारी उपनिरीक्षक व वृत्त प्रभारी चंदन शाह, वृत्त प्रभारी बुढ़ार एवं ब्योहारी रजनीश कुमार त्रिपाठी आबकारी उपनिरीक्षक की मुख्य भूमिका रही। इसके साथ ही मुख्य आरक्षक रघुवंश प्रसाद शुक्ला, सहेज सिंह, शोभा रानी अजमेरे तथा आबकारी आरक्षक गोमती देवी सिंह ने अग्रिम मोर्चे पर रहकर सराहनीय योगदान दिया। आबकारी विभाग के मुखिया ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।


إرسال تعليق