शहडोल: 8 ट्रेलर और क्रेन से बैटरियां व सामान चोरी, बुढार पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा

8 ट्रेलर और क्रेन से बैटरियां व सामान चोरी, बुढार पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ा

शहडोल। जिले के बुढार थाना क्षेत्र में मैको कॉर्पोरेशन के वाहन यार्ड में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख रुपये मूल्य की चोरी की सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, 19 और 20 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात प्रकाश पेट्रोल पंप के पास स्थित मैको कॉर्पोरेशन के वाहन यार्ड से अज्ञात चोरों ने 8 ट्रेलर और एक क्रेन से 18 बैटरियां, जैक, रिंच-पाना, चैन, बेल्ट, क्रेन का डिस्प्ले, डीजल सहित अन्य वाहन संबंधी सामान चोरी कर लिया था। चोरी गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई थी।

20 अक्टूबर को फरियादी अभिलाष कुमार वर्मा, निवासी धनपुरी, की रिपोर्ट पर थाना बुढार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर चोरों की तलाश की गई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान चोरी की वारदात में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 बैटरियां, 3 हेलमेट, जैक, पट्टा और अन्य सामग्री सहित करीब 1 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गिरफ्तार आरोपियों में कमल सिंह भदौरिया (18 वर्ष 5 माह), निवासी भुतही मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 1, बुढार; मोबीन खान (22 वर्ष), निवासी राजा होटल के पीछे, वार्ड क्रमांक 8, बुढार; अलीशान खान (23 वर्ष), मूल निवासी जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़, हाल निवासी वार्ड क्रमांक 11, बुढार तथा 17 वर्ष 9 माह का एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है।

पुलिस ने तीन आरोपियों को न्यायालय बुढार में पेश किया, जबकि विधि विरुद्ध बालक को किशोर न्यायालय, शहडोल के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक खेम सिंह पेंद्रो के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रजनीश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक क्लामेंट जॉन, राजा भैया बागरी और गिरीश शुक्ला, प्रधान आरक्षक अमर बागरी, दशरथ सहित थाना बुढार के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

और नया पुराने