ब्यौहारी पुलिस ने अवैध नशीली कफ सिरप तस्करी का किया पर्दाफाश, 50 शीशी कफ सिरप एवं 10 लाख रुपये की कार सहित कुल 10.35 लाख रुपये की सामग्री जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
शहडोल। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय अग्रवाल के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ब्यौहारी पुलिस ने अवैध नशीली कफ सिरप की तस्करी का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 शीशी नशीली कफ सिरप, एक मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त कार सहित कुल 10 लाख 35 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी फरार है।
घटना का विवरण
दिनांक 22 अक्टूबर 2026 की रात्रि थाना ब्यौहारी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कार क्रमांक MP17CC 9214 से अवैध नशीली कफ सिरप का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा बोकरा तिराहा मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे रखी बोरी से OHMS CANDYKUF की 50 शीशी नशीली कफ सिरप, प्रत्येक 100 एमएल, बरामद हुई। जब्त कफ सिरप की अनुमानित कीमत 25,000 रुपये है। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन एवं तस्करी में प्रयुक्त लगभग 10 लाख रुपये कीमत की कार भी जब्त की। इस प्रकार कुल 10 लाख 35 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई।
पूछताछ एवं विवेचना में सामने आया कि कफ सिरप रीवा से खरीदकर ब्यौहारी क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से लाई गई थी। प्रकरण में दो आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
आरोपियों का विवरण- 1. मिथलेश मिश्रा, निवासी जिला रीवा। 2. विक्रांत वर्मा, निवासी सूखा रोड, ब्यौहारी, जिला शहडोल।
जब्त सामग्री- 1. 50 शीशी नशीली कफ सिरप, प्रत्येक 100 एमएल, अनुमानित कीमत 25,000 रुपये। 2.घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक MP17CC 9214, अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये। 3. एक मोबाइल फोन। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 10 लाख 35 हजार रुपये है।
पंजीबद्ध धाराएं एवं विवेचना
प्रकरण में धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। नशीली कफ सिरप की आपूर्ति के स्रोत, अन्य संलिप्त व्यक्तियों एवं तस्करी के नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
उक्त कार्य़वाही में एसडीओपी ब्यौहारी श्री ऋषभ छारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ब्यौहारी निरीक्षक अभिलाष मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक गया प्रसाद कन्नौजे, प्रधान आरक्षक 246 अनिल सिंह, आरक्षक 422 पंकज मेहरा, आरक्षक 306 अभिषेक, आरक्षक 433 ऋषभ शुक्ला, आरक्षक 233 विवेक सूर्या एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें