लखनऊ में दिव्यांग महागठबंधन का विशाल सत्याग्रह, दिव्यांग युवा शक्ति संगठन ने दिया पूर्ण समर्थन
अंतर्जनपदीय तबादला सूची जारी न होने पर फूटा दिव्यांग शिक्षकों का गुस्सा, गांधी प्रतिमा पर शुरू हुआ आमरण अनशन
लखनऊ। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत दिव्यांग शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सूची जारी न होने से नाराज दिव्यांग महागठबंधन ने आज हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर विशाल धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन शुरू कर दिया।
इस आंदोलन को दिव्यांग युवा शक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्वेश कुशवाहा आजाद ने अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पूर्ण समर्थन दिया।
धरना स्थल पर दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए दुर्वेश कुशवाहा आजाद ने कहा, "जब तक हम दिव्यांगजनों की मांगे पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन, धरना-प्रदर्शन बंद नहीं होगा।" उन्होंने नारा दिया - "हमारी मांगे पूरी हो, चाहे जो मजबूरी हो।"
54 लाख दिव्यांगों की आवाज बना महागठबंधन
प्रदेश के 54 लाख दिव्यांगजनों और विभिन्न दिव्यांग संगठनों के संयुक्त मोर्चे दिव्यांग महागठबंधन के तत्वावधान में आज सुबह से ही गांधी प्रतिमा पर सैकड़ों दिव्यांग शिक्षक एकत्र हुए। दोपहर करीब 12 बजे जब दिव्यांगजन मुख्यमंत्री कार्यालय / विधानसभा तक रैली निकालने लगे तो पुलिस ने जीपीओ के सामने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। बाद में पुलिस ने सभी दिव्यांगजनों को बसों में भरकर ईको गार्डन भेज दिया।
आमरण अनशन पर महागठबंधन के महासचिव वीरेन्द्र कुमार बैठे हैं।
क्या है पूरा मामला?
ज्ञात हो कि शासन ने 4 जून को बेसिक शिक्षा विभाग के दिव्यांग, असाध्य रोग से ग्रसित और दिव्यांग दंपति शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के लिए शासनादेश जारी किया था। शासनादेश के अनुसार 30 जून तक तबादला सूची जारी होनी थी, लेकिन 3 महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सूची जारी नहीं हुई है।
महासचिव वीरेन्द्र कुमार ने कहा, "हमने सरकार को 11 अक्टूबर तक सूची जारी करने की चेतावनी दी थी। हमने बेसिक शिक्षा मंत्री, अपर मुख्य सचिव, दोनों डिप्टी सीएम से संवाद किया, सभी ने सिर्फ आश्वासन दिया। दिव्यांग शिक्षक समय पर इलाज न मिलने से परेशान हैं, फिर भी सरकार आंख मूंदे बैठी है।"
अध्यक्ष मनीष प्रसाद ने कहा, "हम गांधीवादी तरीके से न्याय मांग रहे हैं। न्याय मिलने तक आमरण अनशन जारी रहेगा।"
धरने में ये रहे शामिल: महासचिव वीरेन्द्र कुमार, अध्यक्ष मनीष प्रसाद, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, उपाध्यक्ष अजीत कुमार आजाद, संगठन मंत्री दुर्वेश कुशवाहा आजाद, सचिव मुकेश भारती, जिला अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, कालका प्रसाद, धर्मवीर शर्मा, अरुण कुमार, राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, मनोज कुमार, अर्निका सचान, लाखन सिंह सहित सैकड़ों दिव्यांग शिक्षक मौजूद रहे।

إرسال تعليق