अतिक्रमण के विरुद्ध नगर पालिका की कार्यवाही, स्थायी ठेले हटाए गए
लल्लू सिंह चौक से शुरू हुआ अभियान, अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी
शहडोल। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में सोमवार को लल्लू सिंह चौक से न्यू बस स्टैंड मार्ग तक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थायी रूप से रखे गए बड़े ठेलों तथा अन्य अतिक्रमण को हटाया गया। नगर पालिका की टीम ने मशीनों की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। साथ ही, ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से दुकानदारों एवं अतिक्रमणकारियों को समझाइश देते हुए चेतावनी दी गई कि वे सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटा लें। ऐसा नहीं करने पर नगर पालिका द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
नगर पालिका परिषद ने दुकानदारों एवं छोटे व्यवसायियों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्थायी रूप से ठेले रखकर आवागमन बाधित न करें। छोटे व्यवसायी एवं फेरी लगाने वाले चलित ठेलों का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले एवं असुरक्षित स्थानों पर ठेले लगाकर यातायात व्यवस्था प्रभावित न करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। लल्लू सिंह चौक से न्यू बस स्टैंड मार्ग सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित दुकानदारों एवं अतिक्रमणकारियों से समय रहते स्वयं अतिक्रमण हटाने तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की। निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
नगर पालिका परिषद शहडोल ने समस्त नगरवासियों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर पालिका की राजस्व टीम, वार्ड प्रभारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

إرسال تعليق