दक्षिण शहडोल में वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
शहडोल(अजय केवट)। दक्षिण वनमंडल शहडोल में 1 से 7 अक्टूबर तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में जागरूकता रैली, निबंध प्रतियोगिता, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार वन संरक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन तथा वनमंडलाधिकारी श्रद्धा पन्द्रे के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत 1 अक्टूबर को वन्यप्राणी संरक्षण जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं, 2 अक्टूबर को वनकर्मियों एवं वन समितियों के सदस्यों ने रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय कार्यालयों एवं आवासों में साफ-सफाई और वृक्षारोपण किया गया।
इसी क्रम में 3 अक्टूबर को विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता रैली, निबंध प्रतियोगिता एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से वन्यप्राणी संरक्षण से संबंधित वीडियो दिखाकर विद्यार्थियों को वन्यजीवों के महत्व और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वन विभाग द्वारा सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से वन्यप्राणियों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
إرسال تعليق